24 लाख रुपये की साइबर निवेश ठगी का खुलासा, पंजाब के तीन आरोपी गिरफ्तार; देशभर की 18 शिकायतें जुड़ीं

उत्तर-पूर्वी जिला साइबर पुलिस ने करीब 24 लाख रुपये की ऑनलाइन निवेश ठगी के मामले में पंजाब के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में ठगी के लिए इस्तेमाल बैंक खाते से देशभर की 18 शिकायतें जुड़ी मिली हैं।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

परिपूर्ण न्यूज़/संवाददाता

उत्तर-पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी जिला साइबर पुलिस ने ऑनलाइन निवेश के नाम पर करीब 24 लाख रुपये की कथित ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पंजाब के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में सामने आया है कि ठगी में इस्तेमाल किए गए लाभार्थी बैंक खाते से देश के अलग-अलग हिस्सों की 18 शिकायतें जुड़ी हुई हैं।

पुलिस के अनुसार, करावल नगर निवासी विक्रम सिंह ने शिकायत दी थी कि उन्हें व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से ऑनलाइन निवेश योजना से जोड़ा गया था। इसमें आकर्षक मुनाफे का लालच दिया गया। शुरुआत में निवेश प्लेटफॉर्म पर अच्छा लाभ दिखाकर उनका विश्वास जीता गया, लेकिन जब उन्होंने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो अलग-अलग बहानों से अतिरिक्त पैसे जमा कराने को कहा गया। ठगी का एहसास होने पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इस संबंध में 15 सितंबर 2026 को साइबर थाने में ई-एफआईआर दर्ज की गई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि शिकायतकर्ता को निवेश के लिए प्रेरित करने वाले कुछ लोग विदेश से गतिविधियां संचालित कर रहे थे। बैंक खातों की पड़ताल में ठगी की रकम में से 3,01,164.82 रुपये अमृतसर स्थित एक वूलन मिल्स के नाम पर संचालित लाभार्थी खाते में जमा होने की जानकारी मिली। तकनीकी और वित्तीय जांच के आधार पर पुलिस ने पहले बगीचा को गुरुग्राम के एक होटल से गिरफ्तार किया। उसके मोबाइल फोन से कथित साइबर ठगी से जुड़े संपर्कों और अन्य सहयोगियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं।

आगे की जांच में पुलिस ने 18 नवंबर को पंजाब के अबोहर में छापेमारी कर धर्मिंदर सिंह बराड़ को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर गुरुग्राम के एक होटल से बैंक खाते की गतिविधियों से जुड़ा रेडमी मोबाइल फोन बरामद किया गया। इसके अलावा सहयोगियों के साथ बातचीत से संबंधित एक अन्य मोबाइल फोन भी मिला। पुलिस ने 23 नवंबर को अमृतसर निवासी बैंक खाताधारक परबोध कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर साइबर ठगी से प्राप्त रकम को विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से हासिल करने और आगे स्थानांतरित करने में मदद करते थे। इसके बदले उन्हें कमीशन मिलता था। जांच में क्रिप्टोकरेंसी के जरिए लेनदेन किए जाने की बात भी सामने आई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बगीचा (26), धर्मिंदर सिंह बराड़ (37) और परबोध कुमार (59) के रूप में हुई है। तीनों पंजाब के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। फिलहाल पुलिस बरामद मोबाइल फोन, बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी से जुड़े नेटवर्क का पता लगाया जा सके। मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button