कानपुर में चौकी प्रभारी पर वसूली और धमकी देने का आरोप, सैंडविच दुकानदार से बहस का वीडियो वायरल
कानपुर में एक सैंडविच दुकानदार ने चौकी प्रभारी पर वसूली और दुकान हटाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसके बाद एसीपी कोतवाली ने जांच के आदेश दिए हैं।

कानपुर,उत्तर प्रदेश। शहर के फूलबाग इलाके में सैंडविच दुकानदार और पुलिसकर्मी के बीच हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। दुकानदार कार्तिक त्रिपाठी ने चौकी प्रभारी पर रुपये वसूलने का दबाव बनाने और पैसे नहीं देने पर दुकान हटवाने तथा मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कराने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार, फूलबाग में कार्तिक त्रिपाठी की बमबम सैंडविच नाम से दुकान है। सोमवार रात दुकान के आसपास लोगों की भीड़ जमा होने पर चौकी प्रभारी पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान दुकानदार और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी हो गई। दुकानदार का आरोप है कि चौकी प्रभारी लंबे समय से उससे रुपये मांग रहे थे और भुगतान नहीं करने पर दुकान हटवाने की धमकी दे रहे थे।
वायरल वीडियो में दुकानदार पुलिसकर्मियों से दुकान नहीं हटाने की गुहार लगाता दिखाई दे रहा है। वह खुद को गरीब बताते हुए हाथ जोड़ता और पैर छूता भी नजर आ रहा है। दुकानदार का कहना है कि उसके पास खाद्य विभाग का लाइसेंस और बिजली का मीटर है। साथ ही नगर निगम से भी दुकान लगाने को लेकर बातचीत हो चुकी है। उसने पूरे घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग होने का दावा किया है।
मंगलवार को पीड़ित शिकायत लेकर पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचा, लेकिन अधिकारियों से मुलाकात नहीं हो सकी। एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय ने बताया कि सोमवार रात दुकान के पास भीड़ जमा होने की सूचना पर गश्त के दौरान चौकी प्रभारी वहां पहुंचे थे। पुलिस ने दुकानदार को देर रात तक दुकान नहीं खोलने के लिए कहा था। वसूली और धमकी देने के आरोपों की जांच कराई जा रही है।




