10 रुपए चाय का खर्च बचाकर हो रही बड़ी मदद, अनूठी मुहिम से मिल रही 520 विधवाओं को पेंशन

अजमेर,(राजस्थान)। बस एक चाय और करें विधवा क्षत्राणियों की मदद। यह सुनकर भले ही आपको आश्चर्य हो रहा हो, लेकिन राजपूत समाज ने यह पहल शुरू की है। इस अभियान से लगभग 520 विधवा क्षत्राणियों को पेंशन के रूप में राहत दी जा रही है। फिलहाल यह पेंशन 750 रुपए है लेकिन मार्च माह से इसे 1 हजार रुपए किया जा रहा है। राजपूताना संघ के प्रदेश संयोजक सज्जन सिंह अरठ और कोषाध्यक्ष प्रहलाद सिंह ने बताया कि जय राजपूताना संघ की स्थापना भंवर सिंह रेटा ने की थी , जो जयपुर जिले के रहने वाले हैं।
इस संगठन से लगभग पूरे राजस्थान के राजपूत जुड़े हुए हैं। एक बार मीटिंग में बैठकर सभी ने फिजूलखर्ची को रोककर समाज की विधवा क्षत्राणियों की मदद करने पर विचार विमर्श किया तो सबने एक राय होकर अपनी सहमति दी। इसके बाद से “बस एक चाय” नाम से इस अभियान को शुरू किया गया। इस अभियान के तहत क्षत्राणीकल्प परिवार बनाकर जरूरतमंद राजपूत समाज की विधवाओं को हर माह 750 रुपए की राशि प्रदान की जा रही है। कुल 520 विधवाओं को यह पेंशन प्रदान की जा रही है।
प्रहलाद सिंह ने कहा कि एक चाय का खर्च लभगग 10 रुपए होता है। ऐसे में वह 200 रुपए प्रतिमाह के हर सदस्य से एकत्रित करते हैं । साथ ही समाज के लोगों से इसमें जुड़ने का आह्वान करते हैं। जिले भर में लगभग 120 विधवा क्षत्राणियों को यह पेंशन प्रदान की जाती है। खास बात यह कि जिनको पेंशन दी जाती है, उनका नाम भी कहीं उजागर नहीं किया जाता, जिससे कि उन्हें कहीं शर्मिंदा नहीं होना पड़े।
जय राजपूताना संघ क्षत्राणी प्रकल्प के लिए राजपूत समाज के लोगों से विशेष मौकों जैसे जन्मदिन, एनिवर्सरी या अन्य कोई विशेष आयोजन पर भी राशि एकत्रित करते हैं। संघ के अधिकारियों ने बताया कि रुपए देने वालों की फोटो के साथ शुभकामना भी दी जाती है ,जिससे कि अन्य लोग भी इससे प्रेरित होकर विधवा क्षत्राणियों की मदद के लिए आगे आए।




