बेटी ने थाने पहुंचकर कराई पिता के खिलाफ एफआईआर

  • जांच में पता चला है लड़की का 40 साल के एक शख्स के साथ अफेयर है
  • समझाने के बाद लड़की नहीं मानी तो पिता ने घर से बाहर निकलना किया बंद
  • गुस्स में आकर शनिवार सुबह बालिग लड़की ने पुलिस को कॉल कर दी

नई दिल्ली। शाहदरा के जगतपुरी इलाके में एक लड़की ने पिता के खिलाफ ही पुलिस कॉल कर दी। लड़की ने पिता के खिलाफ बंधक बनाने, प्रताड़ित करने, फोन छीनने और जान से मारने की कोशिश की शिकायत दी। पिटाई का आरोप था तो पुलिस ने हेडगेवार अस्पताल में मेडिकल करवाया, जहां होंठ पर हल्की चोट पाई गई। जगतपुरी पुलिस ने मारपीट, बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। शुरुआती जांच में पता चला कि लड़की का 40 साल के एक शख्स के साथ अफेयर होना विवाद की जड़ है।

बेटी ने पिता पर यह भी आरोप लगाया कि मां और उसके जरिए लोगों को फर्जी मुकदमे में फंसाने का काम करवाता है। पिता मकानों पर कब्जे करता है और फिर उन लोगों से पैसे की डिमांड करता है। पिता से जल्द से जल्द अपना छीना गया फोन दिलाने को पुलिस से कहा गया। पुलिस ने लड़की के मेडिकल और बयान के आधार पर पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। फिलहाल पुलिस तफ्तीश कर रही है।

पुलिस अफसरों ने बताया कि शनिवार सुबह ये कॉल जगतपुरी थाने को मिली। पुलिस वाले तुरंत बताए पते पर पहुंचे तो एक महिला मिली, जिसने बताया कि ये कॉल उनकी 21 साल की बेटी ने किया था। वो इस समय थाने गई है। पुलिस वाले थाने पहुंचे तो लड़की ने पिता पर कई तरह के आरोप लगाए। उसका कहना था कि पिता ने काफी समय से उसे घर में बंद करके रखा है, जो टॉर्चर करते हैं। आरोप लगाया कि शुक्रवार शाम 6:30 बजे जबर्दस्ती उसका फोन छीना और मारपीट कर जान से मारने की कोशिश की।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला कि लड़की का 40 साल के शख्स से अफेयर चल रहा है, जिसका पिता विरोध करते हैं। काफी समझाने के बाद भी लड़की नहीं मानी तो पिता ने उसका घर से बाहर निकलना बंद कर दिया और फोन ले लिया। इससे गुस्सा होकर शनिवार सुबह बालिग लड़की ने पुलिस को कॉल कर दी। फिलहाल पुलिस ने पिता की गिरफ्तारी नहीं की है, जो पारिवारिक मामला होने की वजह से पुख्ता जांच होने के बाद ही कोई ठोस कदम उठाने पर विचार कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button