राजस्थान के करौली में एसडीएम काजल मीणा ट्रैप, एसीबी ने रीडर और बाबू भी पकड़ा

सवाई माधोपुर एसीबी टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। इसमें टीम ने नादौती एसडीएम काजल मीणा, उनके रीडर दिनेश तथा यूडीसी प्रवीण को 60 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया है।
करौली/राजस्थान। करौली में एंटी करप्शन ब्यूरों ने बड़ी कार्रवाई की है। यहां जिले के नादौती उपखंड में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उपखंड अधिकारी काजल मीणा सहित तीन अधिकारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथों ट्रैप किया है। इस ट्रैप कार्रवाई सवाई माधोपुर एसीबी टीम द्वारा की गई, जिसमें मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद की गई।
एसीबी अधिकारियों के अनुसार, नादौती एसडीएम काजल मीणा, उनके रीडर दिनेश तथा यूडीसी प्रवीण को 60 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया गया। इसके अतिरिक्त कार्रवाई के दौरान 4 लाख रुपए की अन्य राशि भी बरामद की गई है। बताया जा रहा है कि यह रिश्वत जमीन के तकासमा के फैसले के बदले मांगी गई थी।
जानिए किस मामले में हुई गिरफ्तारी
सूत्रों के मुताबिक, परिवादी ने एसीबी को शिकायत दी थी कि जमीन संबंधी मामले में अनुकूल निर्णय देने के लिए अधिकारियों द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया। फिलहाल एसीबी टीम तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और बरामद राशि के संबंध में विस्तृत जांच जारी है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।





