मथुरा में “कृष्णावतरम् पार्ट 1 – द हार्ट” की विशेष स्क्रीनिंग, हेमा मालिनी ने की सराहना

मथुरा/उत्तर प्रदेश। भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं पर आधारित हिंदी फिल्म “कृष्णावतरम् पार्ट 1 – द हार्ट” को दर्शकों के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक वर्गों में भी सराहना मिल रही है। इसी क्रम में मथुरा की सांसद और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने मथुरा के जेवी सिनेमा में आयोजित विशेष स्क्रीनिंग के दौरान फिल्म देखी और फिल्म की टीम की प्रशंसा की।
भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा में इस फिल्म का प्रदर्शन एक विशेष और भावनात्मक अवसर बन गया। स्क्रीनिंग के दौरान हेमा मालिनी ने पूरी फिल्म देखी और इसके भव्य निर्माण, प्रस्तुति और आध्यात्मिक भाव को सराहा।
फिल्म का निर्माण साजन राज कुरूप ने किया है, जबकि निर्देशन हार्दिक गज्जर ने किया है। फिल्म में सिद्धार्थ गुप्ता भगवान श्रीकृष्ण, सुष्मिता भट्ट राधा, निवासिनी कृष्णन रुक्मिणी, संस्क्रुति जयाना सत्यभामा और जे कार्तिक सत्राजित की भूमिका में नजर आ रहे हैं।
स्क्रीनिंग के बाद निर्माता साजन राज कुरूप ने बताया कि हेमा मालिनी ने कलाकारों के अभिनय, निर्देशन और फिल्म के भव्य स्तर की सराहना की। फिल्म देखने के बाद उनके चेहरे पर संतोष और प्रसन्नता साफ झलक रही थी।
हेमा मालिनी ने फिल्म की भव्यता, कलाकारों के अभिनय, संगीत, हैंड-पेंटेड कॉस्ट्यूम्स और हस्तनिर्मित आभूषणों की विशेष रूप से प्रशंसा की। उन्होंने फिल्म के निर्माण में लगी मेहनत की सराहना करते हुए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।
निर्माता ने बताया कि फिल्म की शूटिंग मुख्य रूप से गुजरात में की गई है, जिसे भगवान श्रीकृष्ण की कर्मभूमि माना जाता है। फिल्म का ट्रेलर श्रीकृष्ण जन्मभूमि, मथुरा में लॉन्च किया गया था। इसके अलावा फिल्म की टीम ने बांके बिहारी मंदिर, रमन रेती, राधा रानी मंदिर, प्रेम मंदिर और इस्कॉन वृंदावन में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
फिल्म वर्तमान में देशभर के 1500 से अधिक सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही है और 56 देशों में अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुकी है। उत्तर प्रदेश में इसे टैक्स फ्री घोषित किया गया है, जिससे इसकी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्ता को और बल मिला है।





