रोमानिया से दिल्ली आने वाले यूपी के 66 छात्रों को पहुंचाया घर
नोएडा। गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद प्रशासन ने रविवार को रोमानिया से दिल्ली पहुंचे प्रदेश के 66 छात्र-छात्राओं को गाड़ियों से घर तक पहुंचाया। सुबह करीब 11 बजे पहुंची दूसरी फ्लाइट को गाजियाबाद प्रशासन और शाम को 6:30 बजे पहुंची तीसरी फ्लाइट को गौतमबुद्ध नगर प्रशासन ने रिसीव किया। भारत सरकार यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों और नागरिकों को रोमानिया व पोलैंड के रास्ते वापस ला रही है। दिल्ली एयरपोर्ट पर रोमानिया से तीन फ्लाइट पहुंच चुकी हैं। प्रदेश सरकार ने फ्लाइट में आने वाले यूपी के छात्र व नागरिकों को उनके घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद प्रशासन को दी है। शनिवार रात 2:30 बजे पहली फ्लाइट रोमानिया से दिल्ली पहुंची। इसके गौतमबुद्ध नगर प्रशासन ने रिसीव किया। प्रशासनिक अफसरों का कहना है कि इस फ्लाइट में प्रदेश का एक भी छात्र नहीं मिला। अगर कोई आया है तो वह अपने निजी वाहन से घर चला गया।
वहीं, रविवार सुबह करीब 11 बजे दूसरी फ्लाइट दिल्ली पहुंची। इनमें प्रदेश के 37 छात्र शामिल थे, इन्हें गाजियाबाद प्रशासन ने घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की थी। यह फ्लाइट सुबह साढ़े सात बजे की थी, लेकिन फ्लाइट देरी से पहुंची। रोमानिया से तीसरी फ्लाइट रविवार शाम 6:30 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंची। इसमें 29 छात्र प्रदेश के थे।
गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने शनिवार को एडीएम अधिपत्य बलराम सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की थी। इस टीम के नीचे चार अन्य टीमें तैयार की गई हैं। इनका काम दिल्ली एयरपोर्ट से छात्रों को उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था करना है। प्रत्येक टीम बारी-बारी से फ्लाइट रिसीव करेगी। एक टीम ने शनिवार रात पहली फ्लाइट को रिसीव किया था, जबकि दूसरी टीम ने रविवार शाम आई फ्लाइट को रिसीव किया। रोमानिया से शनिवार की रात 2:30 बजे एक फ्लाइट दिल्ली एयरपोर्ट पहुंची। गौतमबुद्ध नगर प्रशासन ने यह फ्लाइट रिसीव की थी। प्रशासनिक अफसरों का कहना है कि फ्लाइट में उत्तर प्रदेश का कोई छात्र नहीं था, जबकि ग्रेनो वेस्ट की गौड़ सिटी दो के 11 एवेन्यू में रहने वाली बिश्वा भारती इसी फ्लाइट से दिल्ली पहुंची हैं। माता-पिता बिश्वा को लेने एयरपोर्ट गए थे, लेकिन प्रशासन के रिकॉर्ड में बिश्वा का नाम ही नहीं था।
रविवार की शाम 6:30 बजे रोमानिया से दिल्ली पहुंची फ्लाइट में 29 छात्र प्रदेश के थे। इनमें से 14 छात्रों को लेने परिजन पहुंचे जबकि बाकी 15 को गौतमबुद्ध नगर प्रशासन की टीम ने गाड़ियों से घर भिजवा दिया। प्रशासन की तरफ से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र सक्सेना वहां पर मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि चार इनोवा गाड़ी से छात्रों को उनके घर भेजा गया है। छात्र मथुरा, बिजनौर, सहारनपुर, गोरखपुर समेत अन्य जिलों के रहने वाले हैं।