अलीगढ़ में व्यापारी की हत्या में महामंडलेश्वर पूजा शकुन पांडेय के पति अशोक पांडेय गिरफ्तार

बाइक शोरूम मालिक हत्याकांड में बड़ा खुलासा, पूजा शकुन पांडेय ने रची हत्या की साजिश

अलीगढ़/उत्तर प्रदेश। कस्बा खैर के बाइक शोरूम के मालिक अभिषेक गुप्ता की हत्या की साजिश में आरोपित अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अशोक पांडेय को रविवार को पुलिस ने जेल भेज दिया। पुलिस जांच में साफ हो गया है कि हत्या की साजिश पूजा शकुन पांडेय द्वारा रची थी। अशोक पांडेय भी इसमें शामिल रहे। पुलिस को साजिश से जुड़े अहम सुराग हाथ लगे हैं। पीड़ित परिवार ने जो आरोप लगाए थे उनके अलावा भी हत्या के पीछे कुछ कारणों का पता चला है। पूजा शकुन और शूटरों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इसका पर्दाफाश करेगी। हाथरस के सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव कचौरा निवासी नीरज गुप्ता के पुत्र अभिषेक गुप्ता की शुक्रवार को खेरेश्वर चौराहे पर गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना वाले दिन वह पिता नीरज गुप्ता और चचेरे भाई जीतू के साथ खैर स्थित बाइक शोरूम से टेंपो में खेरेश्वर चौराहे पहुंचे थे।
यहां से सिकंदराराऊ जाने के लिए तीनों चौराहे पर बस का इंतजार कर रहे थे। बस आने पर जीतू और नीरज गुप्ता तो बस में चढ़ गए। अभिषेक बस में चढ ही रहे थे तभी एक बाइक पर आए दो हमलावरों ने उनके सिर में गोली मार दी। इसके बाद हत्यारे फरार हो गए।
बाइक शोरूम के मालिक की हत्या में अशोक पांडेय को भेजा जेल
अभिषेक के छोटे भाई आशीष ने रोरावर थाने में गांधीपार्क क्षेत्र के बी-दास कंपाउंड निवासी अखिल भारत हिंदू महासभा की राष्ट्रीय सचिव महामंडलेश्वर अन्नपूर्णा भारती उर्फ पूजा शकुन पांडेय व उनके पति राष्ट्रीय प्रवक्ता अशोक पांडेय व दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया था। आरोप लगाया कि यह हत्या पूजा शकुन पांडेय व उनके पति अशोक पांडेय ने साजिश रचकर शूटरों से कराई है। अभिषेक इन दोनों के पास ही रहा था। दोनों का पूर्व में भी अभिषेक से विवाद हुआ था। पुलिस ने घटना वाली रात को ही अशोक पांडेय को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया था। लंबी पूछताछ और तकनीकि साक्ष्यों से पुलिस को हत्या से जुड़े सुराग हाथ लगे हैं। अब तक की जांच में हत्या पूजा शकुन ने साजिश रचकर कराई है। अशोक पांडेय को इसकी जानकारी थी। हत्या में उसकी मूक सहमति भी पुलिस मान रही है।
एएसपी मयंक पाठक ने बताया कि ये दोनों अभिषेक को किसी झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाना चाहते थे। इसमें सफल नहीं हुए तो हत्या की साजिश रची गई। इसके पीछे रुपयों का विवाद, व्यापार में पार्टनरशिप न करना पता चला है। शूटर और पूजा शकुन की तलाश जारी है। अन्य कारण उनके पकड़े जाने के बाद स्पष्ट हो सकेंगे। उम्मीद है बहुत जल्द आरोपित पकड़े जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button