भारत दर्शन पार्क ने भर दी दक्षिणी दिल्ली निगम की झोली

दिल्ली ब्यूरो। कोरोना काल में लोगों ने भरपूर मनोरंजन किया। पार्कों में उनकी हंसी-ठिठोली से दिक्षणी निगम की झोली भर गई। 24 दिसंबर 2021 को भारत दर्शन पार्क का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया था। 26 दिसंबर से इसे आम लोगों के भ्रमण के लिए खोल दिया गया था। दक्षिणी निगम ने 16 फरवरी तक इस पार्क का भ्रमण करने आए लोगों और खरीदे गए टिकटों से अर्जित आमदनी का ब्योरा दिया है। इसके अनुसार करीब 1378 लोगों ने प्रतिदिन टिकट लेकर इसे देखा और टिकटों की बिक्री से करीब 1,58,421 रुपये प्रतिदिन आमदनी हुई।
कोरोना काल में लगातार बंदी के बावजूद 45 दिन में भारत दर्शन पार्क से करीब 71 लाख की आमदनी हुई। बाधाएं नहीं होतीं तो यह करीब एक करोड़ रुपये होती। एक साल में इसकी लागत का 17 करोड़ रुपया निकालने का लक्ष्य है। आने वाले दिनों में दक्षिणी निगम ऐसी और भी लाभकारी परियोजनाएं खड़ी करेगा, जिससे निगम की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।  – मुकेश सूर्यान, महापौर, दक्षिणी दिल्ली नगर निगम

वेस्ट-टू-वंडर पार्क से भी बंपर कमाई

दक्षिणी निगम द्वारा पेश ब्योरे के अनुसार, पिछले एक साल (अप्रैल 2021-फरवरी 2022) में वेस्ट-टू-वंडर पार्क से उसे 1,59,39,655 रुपयों की आमदनी हुई है। करीब 5,53,016 लोगों ने इसे देखा है। दो महीने मई और जून में कोरोना के कारण लगे लॉकडाउन के दौरान यह पार्क बंद रहा।
राजधानी के दूसरे ऐसे दर्शनीय स्थल
उत्तरी निगम ने भी अब अजमल खां पार्क में वेस्ट-टू-आर्ट पार्क बनाने की योजना बनाई है। इसके अलावा लाल किला, कुतुब मीनार, पुराना किला, हुमायूं का मकबरा, साकेत में गार्डन ऑफ फाइव सेंसेज, पूर्वी दिल्ली में वेलकम झील, संजय झील पार्क, लोदी गार्डन, राष्ट्रपति भवन में मुगल गार्डन, हौज खास का डीयर पार्क, कनाट प्लेस, दिल्ली में डीडीए के सात जैव विविधता पार्क और संजय वन जैसे कई और पर्यटन स्थल मौजूद हैं।
पहले ही दिन 5.50 लाख की आमदनी
भारत दर्शन पार्क को पहले ही दिन करीब 4227 लोगों ने देखा था। निगम को टिकटों की बिक्री से करीब 5,50,950 रुपयों की आमदनी हुई। निगम अधिकारियों के मुताबिक, इस बीच करीब छह लाख रुपयों तक की आमदनी एक दिन में हुई।

टिकटों की कीमत
  • 12 से 60 साल तक 100 रुपये प्रति व्यक्ति (प्रीमियम- 150 प्रति व्यक्ति)
  • 60 साल से अधिक उम्र वालों के लिए 50 रुपये (प्रीमियम- 75 रुपये प्रति व्यक्ति)
  • तीन से 12 साल के बच्चों का 50 रुपये।
  • तीन साल से कम उम्र के बच्चों के लिए नि:शुल्क।
  • एमसीडी स्कूलों के बच्चों के लिए नि:शुल्क।
  • अन्य स्कूलों के बच्चे- 25 से अधिक 40 रुपये प्रति व्यक्ति (प्रीमियम – 60 रुपये प्रति व्यक्ति) लिया जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button