हरियाणा के नए डीजीपी अजय सिंघल ने बुजुर्ग पिता को कुर्सी पर बैठाकर फिर लिया आशीर्वाद

चंडीगढ़/एजेंसी। हरियाणा के नए डीजीपी अजय सिंघल ने गुरुवार को नई जिम्मेदारी को संभाल लिया। पंचकूला में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने डीजीपी का कार्यभार ग्रहण किया लेकिन उन्होंने पुलिस सेवा में सर्वोच्च पद पर पहुंचने के मौके पर सभी को भावुक कर दिया। निर्विवादित अफसर की छवि रखने वाले अजय सिंघल ने संस्कारों की मिसाल पेश की। डीजीपी बनने से पहले अजय सिंघल ने 85 साल के अपने पिता से आशीर्वाद लिया। उन्हें डीजीपी की कुर्सी पर बैठाया। यह दृश्य देकर डीजीपी ऑफिस के अधिकारी और कर्मचारी भी भावुक हो गए। हरियाणा पुलिस में सर्वोच्च जिम्मेदारी हासिल करने वाले अजय सिंघल मानो कह रहे हों कि पिताजी जो कुछ हूं वो आपकी बदौलत। डीजीपी ने जिस तरह से अपने पिता से आशीर्वाद लिया। उससे संदेश साफ है कि वह बुजुर्गों से होने वाली बदसलूकी मामलों में कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे, हालांकि उनके इस कदम की खूब तारीफ हो रही है।
अजय सिंघल ने पदभार ग्रहण करने से पूर्व भारतीय संस्कारों और पारिवारिक मूल्यों की एक भावुक व प्रेरणादायक झलक प्रस्तुत की। उन्होंने अपने 85 साल पिता ओमप्रकाश सिंघल को सम्मानपूर्वक कुर्सी पर बैठाया और उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। डीजीपी अजय सिंघल स्वयं भावुक हो उठे। जीवन के इस महत्वपूर्ण क्षण में पिता का आशीर्वाद लेकर उन्होंने यह संदेश दिया कि सर्वोच्च पद पर पहुंचने के बाद भी संस्कार, विनम्रता और पारिवारिक मूल्यों का स्थान सर्वोपरि रहता है। पदभार ग्रहण करने के पश्चात डीजीपी अजय सिंघल ने वहां मौजूद सभी वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मियों का धन्यवाद किया तथा सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ हरियाणा की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कार्य करेंगे।
हरियाणा पुलिस के डीजीपी अजय सिंघल ने कार्यभार संभालने के बाद पुलिसिंग में सुधारों का रोडमैप रखा। उन्होंने कहा कि जल्द मेय आई हैल्प यू योजना शुरू होगी। नए डीजीपी का स्पष्ट संदेश दिया कि कानून व्यवस्था से समझौता नहीं होगा। जनता के साथ हरियाणा पुलिस खड़ी रहेगी। उन्होंने बताया कि अभी कंवीक्शन रेट 72- 73 प्रतिशत है। इसे निरंतर सुधारते हुए 100 प्रतिशत के लक्ष्य की दिशा में ठोस प्रयास किए जाएंगे। डीजीपी ने जानकारी दी कि 5,500 नए पुलिसकर्मियों की भर्ती प्रक्रिया के लिए विज्ञापन जारी हो गया है। इससे हरियाणा पुलिस की कुल संख्या बढ़कर लगभग 60 हजार हो जाएगी। इस मौके पर इस अवसर पर पूर्व डीजीपी ओ पी सिंह, एडीजीपी चारू बाली, एडीजीपी संदीप खिरवार, एडीजीपी डाॅ. एम रविकिरण, एडीजीपी अमिताभ ढिल्लों, एडीजीपी हरदीप दून, एडीजीपी शिवास कबिराज, आईजी राकेश आर्य, आईजी कुलदीप सिंह, डीआईजी मनवीर सिंह सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





