स्पेशल 26 स्टाइल में परीक्षा केंद्र पहुंचे चार फर्जी मजिस्ट्रेट, खुली पोल

आगरा।  यूपी बोर्ड परीक्षा के पेपर लीक होने के बाद से शासन प्रशासन अलर्ट है। ऐसे में फर्जी मजिस्ट्रेट बनकर पहुंचे चार फर्जी मजिस्ट्रेटों को पुलिस ने दबोच लिया। ये लोग स्पेशल 26 के स्टाइल में एक परीक्षा केंद्र पहुंचे थे। ये लोग यहां एक रूम में रखे पेपरों की जांच करने की बात कह रहे थे। इनकी गाड़ी पर भारत सरकार एनसीआरबी लिखा था। गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उनसे एनसीआरबी की फुल फॉर्म पूछी तो बता नहीं सके। इसके बाद केंद्र व्यवस्थापक ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो फर्जी मजिस्ट्रेटों की पोल खुल गई। चारों आगरा के रहने वाले हैं। अपने साथ बिना नंबर की बोलेरे गाड़ी लेकर आये थे। गाड़ी पर लाल बत्ती भी लगी थी।

थाना इरादत नगर के श्री माता वैष्णो देवी इंटर कॉलेज में एक वीआईपी एंट्री से हड़कंप मच गया। सफेद कलर की बोलेरो गाड़ी जिस पर भारत सरकार जिला मजिस्ट्रेट एनसीआरबी लिखा था। इस गाड़ी में चार लोग बाकायदा काला कोट पहनकर पहुंच गए। एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस प्रोटेक्शन लगाया हुआ है। इनकी गाड़ी को रोका गया। चारों लोग अपने आप को मजिस्ट्रेट बता रहे थे। पुलिस कर्मियों ने शिक्षा विभाग और पुलिस के अधिकारियों से फोन पर बात करवाई। उनके पास कोई आईकार्ड भी नहीं था।
संदिग्ध लगने पर एनसीआरबी की फुल फॉर्म पूछी गयी तो वे नहीं बता पाए। केंद्र व्यस्थापक की तहरीर पर चारों के खिलाफ करवाई की जा रही है। जानकारी मिल रही है कि ये लोग किसी व्यक्ति ने हायर किए थे। इसकी पड़ताल की जा रही है। गिरफ्तार किये गए लोगों में देवेन्द्र सिंह पुत्र बालकिशन, रघुवीर सिंह तोमर पुत्र शापूड सिंह तोमर, अशोक सिंह पुत्र मोहन सिंह और मुकेश पुत्र पूरन सिंह शामिल हैं।
एनसीआरबी की नहीं बता पाए फुल फॉर्म
नकली मजिस्ट्रेट बनकर पहुंचे चार लोगों में एक व्यक्ति अर्दली की यूनिफॉर्म में भी था। आला अधिकारियों ने जब इनसे बातचीत की तो सही से जवाब भी नहीं दे पा रहे थे। इसी बीच जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार ने एनसीआरबी की फुल फॉर्म पूछ ली। इसके बाद वे हड़बड़ा गए और धर दबोच लिए गए। यूपी बोर्ड परीक्षाओं की शुचिता भंग करने के पीछे कॉकस लगा है। इंटरमीडिएट के अंग्रेजी पेपर के लीक होने के बाद परीक्षाओं की शुचिता पर सवाल उठ रहे हैं। एसपी सिटी विकास कुमार का कहना है कि पकड़े गए चारों लोगों को किसी ने हायर किया था। इसके पीछे जो लोग काम कर रहे हैं। उनकी जांच की जा रही है। जल्द ही इसका खुलासा होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button