छत्तीसगढ़ में जगदलपुर पुलिस ने चार गांजा तस्करों को किया गिरफ्तार

जगदलपुर,(छत्तीसगढ़)। नगरनार पुलिसने ऑटो के जरिए ओडिशा से यूपी गांजा ले जा रहे चार तस्करों को धरदबोचा है। पुलिस ने गांजा तस्करों के कब्जे से 35 किलो गांजा बरामद किया है। इसकी कीमत तीन लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है। मामले में खास बात ये है कि गांजा तस्करों ने पुलिस की पकड़ से बचने लिए बिल्कुल ब्रांड न्यू ऑटो का इस्तेमाल कर रहे थे। यही नहीं पुलिस को तस्करी का भनक नहीं लगे इसके लिए बाकायदा झोला आदि लेकर सवारी की तरह तस्कर बैठे थे। ओडिशा बॉर्डर पर लगातार चल रही चेकिंग में वे पकड़े गए हैं।
मामले का खुलासा करते हुए सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि नगरनार पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली थी। पुलिस को जानकारी मिली थी कि गांजे की बड़ी खेप की तस्करी होने वाली है। इसके बाद नगरनार टीआई विकास कुमार ने एक टीम बनाकर छत्तीसगढ़- ओडिशा बॉर्डर धनपुंजी में चेकिंग शुरू किया। इस दौरान ओडिशा से जगदलपुर की ओर आ रही शोल्ड ऑटो पुलिस को देखकर तेजी से मुड़ने लगी।
उसमें बैठे चार व्यक्ति ऑटो छोड़कर भागने लगे, जिसे पुलिस टीम ने दौड़कर पकड़ा है। इसके बाद ऑटो की चेकिंग की गई तो उसमें 35 किलो गांजा मिला है। इसके बाद चारों से पूछताछ की तो उन्होंने ओडिशा से इस गांजे को खरीद कर यूपी ले जाने की बात कही। पकड़े गए युवकों ने अपना नाम अमित पटेल, रंजीत पटेल, जउआद अली और लवकुश बताया है। चारों तस्कर प्रयागराज उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इनके कब्जे से मिले गांजे की कीमत तीन लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की है। साथ ही इन्हें कोर्ट में पेश किया है, जहां से इन्हें जेल भेज दिया गया है। गौरतलब है कि ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते लगातार दूसरे राज्यों में गांजे की तस्करी हो रही है। कुछ महीनों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं।




