आगरा में 8वीं पास महिला घर में चला रही थी अस्पताल

आगरा,(उत्तर प्रदेश)। ताज नगरी आगरा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 8वीं पास आया अपने घर में अवैध रुप से गर्भपात अस्पताल चला रही थी। स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी 7 साल बाद हुई। रेड करने पहुंची मेडिकल टीम को घर में मेडिकल बेड और गर्भपात के इंजेक्शन एवं दवाईयां मिली हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आरोपी आया के खिलाफ इंडियन मेडिकल काउंसिल एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराई है।
नगर निगम से रिटायर हो चुकी ऊषा चौधरी 65 वर्ष निवासी खलियाई मंडी मोती बाग के अपने घर में ही अवैध अस्पताल बना लिया था। आरोपी ऊषा अपने घर में महिलाओं का गर्भपात करती थीं। स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला पूर्व में लोगों के घरों में जाकर महिलाओं की डिलीवरी भी करती थी। अपंजीकृत सेल के नोडल प्रभारी डॉ. पीयूष जैन ने सूचना पर उसके घर छापा मारा तो वे दंग रह गए। ऊषा ने घर को ही अवैध अस्पताल बना लिया था। उसके घर से गर्भपात करने के इंजेक्शन और दवाईयां जब्त की गई हैं। डॉ. पीयुष जैन ने बताया कि आरोपी महिला के पास किसी भी प्रकार को कोई चिकित्सय योग्यता नहीं है। ना ही अस्पताल या क्लिनिक संचालन का रजिस्ट्रेशन दिखाया है।
नगर निगम से रिटायर हैं आरोपी
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी महिला का पति नगर निगम में नौकरी करता था। वह खुद भी नगर निगम में आया के पद पर काम करती थी। अब वह रिटायर हो गई है। वह गर्भवती महिलाओं का अपने घर में इलाज करती थी। हैरत की बात तो यह है कि उसके घर के सामने ही पूर्व में सरकारी अस्पताल भी था। इसके बावजूद भी वह लगातार अवैध रुप से प्रैक्टिस करती रही।
7 साल बाद लगी भनक
आरोपी ऊषा चौधरी के घर के सामने गांधी स्मारक बना हुआ है। यहां आए दिन अधिकारियों का आवागमन रहता है। इसके अलावा ऊषा के घर से थाना एत्मादद्वौला करीब एक किमी की दूरी पर है। इसके बावजूद भी पिछले 7 साल से वह गर्भवती महिलाओं की जान से खिलवाड़ कर रही थी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार नगर निगम से रिटायर होने के बाद आरोपी ऊषा चौधरी ने अपने घर को गर्भपात अस्पताल बना लिया था। डिप्टी सीएमओ डॉ. पीयूष जैन का कहना है कि आरोपी महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी निरीक्षक एत्मादद्वौला राजकुमार ने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ धारा 420, 175,176 और इंडियन मेडिकल काउंसिल एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button