फतेहपुर के खागा में होली से पहले खूनी खेल, होलिका बढ़ाने के विवाद में दोस्त की बेरहमी से हत्या

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। होलिका दहन को स्थल पर लकड़ी डालने को लेकर दो नाबालिग दोस्तों में विवाद हो गया । जिससे खुन्नस खाए हाईस्कूल में पढ़ रहे दोस्त ने रविवार दोपहर 14 वर्षीय साथी की गला दबाकर हत्या कर दी और तालाब के किनारे कीचड़ में शव छोड़कर भाग निकला। स्वजन ने नाबालिग हत्यारोपित के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस धरपकड़ में जुटी हुई है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी दो नाबालिग आपस में जिगरी दोस्त थे। 14 वर्षीय अंशू उर्फ छोटू पुत्र रामप्रसाद राजपूत, शनिवार शाम अपने हाईस्कूल में पढ़ रहे पड़ोसी दोस्त व उसके मामा के साथ होली में लकड़ी डालने गया। रास्ते में दोस्त के मामा से अंशू का विवाद हो गया। दोनों ने एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दी और अपने-अपने घर चले गए।
दिवंगत की मां सीता देवी ने बताया कि रविवार को दिन में साढ़े 11 बजे अंशू उर्फ छोटू बिना बताए घर से बाहर चला गया। एक घंटे बाद राहगीरों ने उसका शव अरखाही तालाब के किनारे कीचड़ में औंधे मुंह पड़ा देखा तो उन्हें जानकारी दी। मां का आरोप था कि शनिवार शाम हुए मामूली विवाद की खुन्नश में बेटे को उसके दोस्त ने गला दबाकर हत्या कर दी और भाग निकला। मां ने शंका व्यक्त की है कि आरोपित के साथ में उसका पिता व रिश्तेदार भी शामिल रहे होंगे…। कोतवाली प्रभारी रमेश पटेल ने बताया कि मां की तहरीर पर नाबालिग आरोपित के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। शीघ्र ही आरोपित को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
दिवंगत व हत्यारोपित आपस में जिगरी दोस्त रहे। ग्रामीणों ने बताया कि हत्यारोपित हाईस्कूल का छात्र है। जबकि दिवंगत ने पांचवीं तक पढ़ाई करने के बाद छोड़ दिया था। दिवंगत तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह अक्सर, हत्यारोपित के ट्रैक्टर में उसके साथ रहता था।
घटना की सूचना पर पुलिस फोर्स दोपहर में गांव गया। शव कब्जे में लिया। चर्चा रही कि पुलिस ने एक पिता-पुत्र समेत तीन संदिग्धों को मलवा थाना क्षेत्र से हिरासत में लिया है। जिसमें हत्यारोपित नाबालिग भी शामिल है लेकिन पुलिस इससे इंकार कर रही है।




