तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनेंगे विजय, राज्यपाल ने दिया सरकार बनाने का न्योता; शपथग्रहण कल

तमिलनाडु में थलापति विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कागजम (TVK) के सरकार बनाने का रास्ता लगभग साफ हो गया है। CPI, CPI(M), VCK और कांग्रेस ने TVK को समर्थन देने की घोषणा की है, जिसके बाद पार्टी मुख्यालय के बाहर जश्न मनाया जा रहा है।
तमिलनाडु। तमिलगा वेट्री कजगम प्रमुख थलापति विजय तमिलनाडु के अगले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने का न्योता दे दिया है। कल यानी शनिवार को विजय मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। टीवीके प्रमुख विजय चेन्नई के लोक भवन से निकल गए हैं। सरकार बनाने पर हलचल शुरू हो गई है। वहीं चेन्नई स्थित विजय के आवास और पार्टी ऑफिस के बाहर कार्यकर्ता जश्न मन रहे हैं।
CPI(M) नेता यू. वासुकी ने कहा, ‘आज CPI और CPI(M) दोनों ने अपनी राज्य समिति की बैठकें कीं। उन्होंने फैसला किया है कि वे सरकार बनाने के लिए TVK को बाहर से समर्थन देंगे। जब विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव पेश किया जाएगा, तो वे निश्चित रूप से TVK के पक्ष में वोट देंगे। हम मंत्रिमंडल में शामिल नहीं होंगे। यह केवल बाहर से समर्थन है। VCK पहले ही कह चुका है कि वामपंथी दल जो भी फैसला करेंगे, वे उसका पालन करेंगे। इसलिए, हमें उम्मीद है कि वे भी ऐसा ही करेंगे’
उन्होंने आगे कहा, ‘हम केवल सरकार बनाने और विश्वास प्रस्ताव के मुद्दे पर ही समर्थन दे रहे हैं। बाकी सभी मुद्दों पर चाहे वह धर्मनिरपेक्षता हो, लोगों की एकता हो, या राज्यों के अधिकार हों जब भी ये मुद्दे उठेंगे, तो हम निश्चित रूप से उस धर्मनिरपेक्ष दल के साथ खड़े होंगे जो हमारे साथ आएगा।’




