गाजियाबाद में एक करोड़ की गड्ढा मुक्त करने वाली मशीन फांक रही धूल

गाजियाबाद। शहर की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए करीब एक करोड़ रुपये की ऑटोमैटिक मशीन की खरीद की थी। करीब एक वर्ष पहले खरीदी गई यह मशीन शहर के गड्ढों को भरने के लिए पिछले एक वर्ष से गैराज से नहीं निकली है। दरअसल इस मशीन में शहर की सड़कों के गड्ढा भरने के लिए स्पेशल मटीरियल खरीदना पड़ता है। पहले नगर निगम के पास पैसे की किल्लत थी, अब मटीरियल मिलने में देरी हो रही है। ऐसे में अभी शहर के लोगों को कुछ दिन और गड्ढा युक्त सड़कों से दो-चार होना पड़ेगा।
शहर में इंडस्ट्री एरिया हो या आवासीय एरिया। गली मोहल्ले की सड़क हो या मुख्य मार्ग। सभी सड़कें गड्ढा युक्त है। पिछले लंबे समय से हो रही बरसात के कारण सड़कों में गड्ढों की भरमार है। कविनगर इंडस्ट्री एरिया हो, या लोहा मंड़ी। विजयनगर इंडस्ट्री एरिया हो या बुलंदशहर इंडस्ट्री एरिया। मुख्य शहर हो या टीएचए। मुख्य सड़क हो या प्रमुख चैराहा तिराहा। सभी जगह सड़कें टूटी हुई हैं। लोग परेशान हैं।
एक साल से हो रहा इंतजार
नगर निगम प्रशासन ने करीब एक करोड़ रुपये की लागत से एक मशीन खरीदी थी। मशीन ऑटोमैटिक है। इसमें मटीरियल चाहिए, उसमें लगा सेंसर स्वयं ही सड़क में बना गड्ढा तलाश लेता है और उसे ठीक भी कर देता है। इतनी खूबी वाली इस मशीन से अभी तक इस वर्ष एक भी सड़क को गड्ढा मुक्त नहीं किया जा सका। कारण इस मशीन में जो मटीरियल यूज होता है, वह नगर निगम के पास नहीं है। ऐसे में नगर निगम की एक करोड़ की मशीन के लिए जब मटीरियल आएगा, तब ही सड़कों के गड्ढे भरे जाएंगे।
टेंडर खोले गए
नगर निगम का कहना है कि मशीन से सड़कों को गड्ढा मुक्त करने की मुहीम चलने में अभी एक महीने का समय और लगेगा। नगर निगम ने इसका कारण भी बताया। उनका कहना है कि गड्ढा मुक्त सड़क करने के लिए मटीरियल सप्लाई के लिए निगम ने टेंडर मांगा था। तीन कंपनियों ने टेंडर डाले हैं। तकनीकी बिड़ खोलने का कार्य शुरू कर दिया गया है। अभी भी फाइनेंशियल बिड खोलने और माल की सप्लाई लेने में नगर निगम को 15 से 20 दिन और लगेंगे। ऐसे में अभी भी शहर की सड़कों को गड्ढा मुक्त होने में नगर निगम एक महीने का समय और मांग रहा है। तब तक लोगों को गड्ढा युक्त सड़कों पर देखकर चलना होगा।
एक महीने का समय लगेगा
चीफ इंजीनियर एन. के. चौधरी ने कहा कि निगम के पास सड़क गड्ढा मुक्त करने के लिए मशीन है। मगर मशीन मे यूज करने के लिए मटीरियल नहीं है। इसके लिए टेंडर मांगे गए है। ऐसे में शहर की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने में अभी करीब एक महीना और लगेगा।




