उत्तराखंड की युवती से आगरा में रेप, पहले फेसबुक फ्रेंड फिर मददगारों ने किया सामूहिक दुष्कर्म

उत्तराखंड की एक युवती के साथ आगरा में दरिंदगी की गई। फेसबुक पर दोस्त बने युवक ने उसे गेस्ट हाउस में बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
आगरा/उत्तर प्रदेश। आगरा में एक युवती के साथ दरिंदगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उत्तराखंड के हरिद्वार की रहने वाली युवती आगरा अपने फेसबुक से मिलने आगरा आई थी। युवक ने उसे गेस्ट हाउस में बंधक बनाकर कई दिनों तक दुष्कर्म किया। किसी तरह वहां से भागने में सफल हुई तो रास्ते में मदद करने के लिए मिले ऑटो सवार दो युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। युवती ने बताया कि उकसी दोस्ती फेसबुक के माध्यम से आगरा के दयालबाग निवासी युवक से हुई थी। करीब 12 दिन पहले वह उससे मिलने आगरा आई थी। युवक उसे भगवान टॉकीज क्षेत्र स्थित एक गेस्ट हाउस में ले गया, जहां उसे बंधक बनाकर दुष्कर्म किया गया। मंगलवार रात युवती किसी तरह वहां से भाग निकली। देर रात रास्ते में मिले एक ऑटो चालक ने उसे बैठाया। जिसमें एक युवक पहले से ही बैठा था। मदद के बहाने दोनों उसे खंदौली क्षेत्र में ले गए। जहां उसके साथ दोनों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे अगरपुर गांव के पास अर्धनग्न अवस्था में छोड़कर भाग गए। तड़के करीब 4:30 बजे युवती अगरपुर स्थित एक आटा मिल के पास पहुंची और मिल में पत्थर फेंक कर शोर मचाया। आवाज सुनकर आटा मिल का कर्मचारी देवेंद्र सिंह बाहर निकले, युवती की हालत देखकर कपड़े उपलब्ध कराए। इसके बाद आटा मिल संचालक कमलेश शर्मा को सूचना दी गई, जिन्होंने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस युवती को थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से पुलिस को कुछ कपड़े, चप्पल और शराब के खाली पव्वे भी मिले हैं। पुलिस महिला का मेडिकल परीक्षण करा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सूचना के बावजूद भी तत्काल महिला पुलिस उपलब्ध नहीं हो सकी और मदद करने वालों को भी थाने ले जाकर बैठाया गया, जिससे लोगों में नाराजगी है।
इस मामले में डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार का कहना है कि युवती शराब के नशे में है। वह लगातार अपने बयान बदल रही है। इससे पहले भी उसने थाना न्यू आगरा में एक शिकायत लेकर आई थी। फिर भी युवती द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। युवती का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




