दिल्ली में आईआरएस अधिकारी की बेटी के रेप और हत्या मामले में आरोपी गिरफ्तार
एक दिन पहले दोस्त की पत्नी से किया दुष्कर्म, फिर दिल्ली आकर की दरिंदगी

दक्षिणी दिल्ली के कैलाश हिल्स में एक आईआरएस अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की हत्या के मामले में पुलिस ने पूर्व घरेलू सहायक राहुल मीणा को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने नौकरी से निकाले जाने का बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया, और घटना से 11 घंटे पहले अलवर में भी दुष्कर्म किया था।
ददक्षिणी दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के कैलाश हिल्स में आईआरएस अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी पूर्व घरेलू सहायक राहुल मीणा को द्वारका में ओयो होटल से गिरफ्तार कर लिया है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी वारदात के दिन सुबह करीब 6:24 बजे पीली शर्ट पहनकर मुख्य गेट से घर की ओर जाता हुआ सीसीटीवी में कैद हुआ था। फुटेज में वह बेहद सामान्य तरीके से अंदर जाता दिखता है, जिससे साफ है कि उसे घर और आसपास के सिस्टम की पूरी जानकारी थी।
पुलिस के मुताबिक, राहुल मीणा ने करीब डेढ़ महीने पहले नौकरी से निकाले जाने का बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया। वह पहले आठ महीने तक घर में काम कर चुका था और उसे चाबी रखने की जगह तक का पता था। इसी का फायदा उठाकर वह सुबह दंपती के जिम जाने के बाद घर में दाखिल हुआ।
हत्या की वारदात बेहद क्रूर तरीके से अंजाम दी गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवती का गला मोबाइल चार्जर के तार से घोंटा गया, जबकि उसके चेहरे और सिर पर भी गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। यौन उत्पीड़न की आशंका भी जताई जा रही है, जिसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी।
इस केस को और ज्यादा चौंकाने वाला मोड़ तब मिला जब जांच में पता चला कि आरोपी ने दिल्ली पहुंचने से महज 11 घंटे पहले राजस्थान के अलवर में अपने पड़ोस में रहने वाली एक युवती के साथ भी दुष्कर्म किया था। इसके बाद वह सीधे दिल्ली आया और इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी वारदात के बाद तेजी से मौके से भागा और आस्था कुंज पार्क की ओर निकल गया था। कई टीमों की मदद से उसे ट्रैक कर गिरफ्तार किया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की कड़ी जोड़ने की कोशिश कर रही है। साथ ही, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे यौन उत्पीड़न के पहलू पर स्थिति साफ हो सकेगी।




