न हेलीकॉप्टर न लग्जरी कार, पालकी में बारात लेकर पहुंचा दूल्हा, सोनभद्र की अनोखी शादी

यूपी के सोनभद्र जिले में एक अनोखी शादी देखने को मिली है। यहां दूल्हा पालकी में सवार होकर बारात लेकर पहुंचा। पालकी में आए दूल्हे को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।

सोनभद्र/उत्तर प्रदेश। आधुनिक दौर में जहां शादियों में लग्जरी गाड़ियां, हेलीकॉप्टर और हाईटेक इंतजाम आम हो चुके हैं, तो वहीं सोनभद्र जिले के दुद्धी ब्लाक के हरपुरा गांव में निकली एक अनोखी बारात ने लोगों को वर्षों पुरानी परंपराओं की याद दिला दी। दूल्हा मनोज गुप्ता कार या घोड़ी के बजाय सजी-धजी पालकी में सवार होकर दुल्हन लेने पहुंचा, जिसे देखने के लिए रास्ते भर लोगों की भीड़ उमड़ती रही।
जानकारी के मुताबिक, हरपुरा निवासी मुंद्रिका गुप्ता के पुत्र मनोज गुप्ता ने अपनी शादी को खास बनाने के लिए पारंपरिक तरीका चुना। आकर्षक ढंग से सजाई गई पालकी में बैठकर जब बारात निकली, तो लोग जहां थे, वहीं रुक गए। कई ग्रामीणों ने इस अनोखे दृश्य को अपने मोबाइल में कैद किया और सोशल मीडिया पर साझा किया, जिससे यह बारात चर्चा का विषय बन गई।
बारात हरपुरा से निकलकर झारखंड के टड़हे गांव पहुंची, जहां मनोज गुप्ता का विवाह वीरेंद्र साव की पुत्री तारामणी के साथ संपन्न हुआ। बारात के पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोग दूल्हे को पालकी में देखने के लिए जुट गए। शादी के बाद जब दूल्हा-दुल्हन दोनों पालकी में सवार होकर वापस हरपुरा लौटे, तो दृश्य और भी आकर्षक हो गया।
गांव के चौराहों और गलियों में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। दुल्हन को पालकी में देख ग्रामीणों ने इसे वर्षों बाद जीवित हुई परंपरा बताया। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिकता के बीच अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ना एक प्रेरणादायक संदेश है। यह अनोखी बारात पूरे क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button