दिल्ली चुनाव से पहले केजरीवाल को मिल रही मजबूती, आम आदमी पार्टी में शामिल हुए 80 बॉडी बिल्डर
Kejriwal is getting stronger before Delhi elections, 80 body builders joined Aam Aadmi Party

नई दिल्ली। पहलवानों और बॉडी बिल्डरों सहित कई खिलाड़ी गुरुवार को यहां आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए। इससे आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी को मजबूती मिली है। केजरीवाल ने आप कार्यालय में खेल और फिटनेस से जुड़े तिलकराज, रोहित दलाल और अक्षय दिलावरी का स्वागत किया और उन्हें पार्टी की स्कार्फ और टोपी सौंपी। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 70-80 बॉडी बिल्डर और पहलवान पार्टी में शामिल हुए हैं। इससे न केवल संगठन को मजबूती मिलेगी बल्कि इससे स्वास्थ्य और फिटनेस के मुद्दों के साथ पार्टी अधिक निकटता से जुड़ सकेगी। उन्होंने वादा किया कि राजधानी में सत्ता पर फिर से काबिज होने के बाद पार्टी खिलाड़ियों के सामने आने वाले मुद्दों को हल करने की दिशा में काम करेगी।
केजरीवाल ने कहा कि आने वाले दिनों में कई और जिम मालिक और खिलाड़ी पार्टी में शामिल होंगे। विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने कहा कि जो लोग गुरुवार को आप में शामिल हुए, उनका विशेष रूप से दिल्ली के जिमों में महत्वपूर्ण प्रभाव है और वे पार्टी के मिशन में योगदान देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स और फिटनेस जगत से जुड़े हुए ये सभी लोग आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल जी के कामों से प्रभावित होकर हमारे साथ जुड़े हैं। इससे दिल्ली में हमारी पार्टी को काफी फायदा होगा।
रोहित दलाल ने मुफ्त योग कक्षाएं और खेल के विकास के लिए पार्टी की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा, “दिल्ली सरकार द्वारा खिलाड़ियों और जिम के लिए किया गया काम सराहनीय है। मैं इस मिशन में योगदान देना चाहता हूं।” तिलक राज ने कहा कि दिल्ली में खेल और खिलाड़ियों की बेहतरी के लिए केवल अरविंद केजरीवाल जी और आम आदमी पार्टी ने काम किया है। हम इनकी विचारधारा और कामों से प्रभावित होकर साथ आ रहे हैं।
तिलकराज ने राजनीति में खेल बिरादरी की बढ़ती भागीदारी के बारे में आशा व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “दिल्ली के कई खिलाड़ी हमसे जुड़ने की योजना बना रहे हैं। हम कड़ी मेहनत करने और पार्टी को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” आप दिल्ली चुनाव में लगातार तीसरी बार पूर्ण कार्यकाल हासिल करने का लक्ष्य लेकर चल रही है और उम्मीद कर रही है कि खेल और फिटनेस पेशेवरों के लिए यह रणनीतिक पहुंच मतदाताओं को पसंद आएगी।




