कानपुर में 9 साल की बच्ची को अश्लील फिल्म दिखाकर बोला, ‘ऐसा ही करना है’… ट्यूशन टीचर पर गंभीर आरोप, केस दर्ज

कानपुर,(उत्तर प्रदेश)। कानपुर से एक शर्मनाक घटना प्रकाश में आई है। बच्ची को अरबी की तालीम देने वाले हाफिज पर गंभीर आरोप लगे हैं। परिजन का आरोप है कि हाफिज 9 साल की बच्ची को अरबी पढ़ाने के लिए आते थे। हाफिज मोबाइल में बच्ची को अश्लील फिल्म दिखाते थे और कहते थे कि तुम्हें भी ऐसा ही करना है। इसके साथ ही बच्ची को धमकाते थे कि अगर किसी को इस फिल्म के बारे में बताया तो जान से मार दूंगा। बच्ची के परिजन ने हाफिज के खिलाफ 354बी, पॉक्सो ऐक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।
चमनगंज थाना क्षेत्र में एक परिवार रहता है। उनकी 09 साल की बेटी को मौलाना आमिर अरबी पढ़ाने के लिए आते हैं। हाफिज मौलाना आमिर बीते पांच साल से बच्ची को अरबी पढ़ा रहे थे। बच्ची की मां का आरोप है कि बेटी बीते कई दिनों से डरी और सहमी थी। उसके व्यवहार में भी लगातार परिवर्तन आ रहा था। मैंने उससे बीते बुधवार को प्यार से पूछा तो, उसने चौकाने वाली बात बताई। बेटी ने बताया कि हाफिज मोबाइल में गंदी फिल्में दिखाते हैं। कहते हैं कि जैसा फिल्मों में दिखाते हैं, तुम्हे वैसे ही करना है। हाफिज डराते और धमकाते भी हैं।
छेड़छाड़ का लगाया आरोप
बच्ची की पिता ने हाफिज पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मोबाइल में अश्लील फिल्म दिखाकर छेड़छाड़ करता था। मेरी बेटी ने बुधवार शाम रोकर अपनी पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। हमने हाफिज से इस संबंध में बात की तो, उल्टा मुझे और मेरे परिवार को धमकाने लगा। हमने चमनगंज थाने में इसकी शिकायत की है, और न्याय की अपील की है।
हाफिज की फरवरी में हुई थी शादी
आरोपी मौलाना आमिर के पिता का कहना है कि बच्ची के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोप हैं। बीते पांच साल से बच्ची को पढ़ाने के लिए जा रहा था। इसके साथ ही आमिर 13 से 14 जगह ट्यूशन पढ़ाने के लिए जाता है। कहीं से भी उसकी शिकायत नहीं आई है। उन्होने बताया कि बीते बुधवार को पढ़ाई की वजह से उसने बच्चों को पीटा था, हो सकता था कि इसी वजह से बच्चों ने कुछ गलत बताया हो। फरवरी 2023 में उसका निकाह हुआ है। उस पर लगे सभी आरोप निराधार हैं।
पुलिस कर रही हाफिज से पूछताछ
ज्वाइंट सीपी आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि चमनगंज थाना में एक तहरीर आई है। 09 साल की छात्रा को मोबाइल फोन पर अश्लील फिल्म दिखाए जाने की बात कही गई है। यह सूचना बच्ची की मां ने पुलिस को दी है। जो भी शिक्षक बच्चों को पढ़ाने के लिए आते थे, उनको पकड़कर थाने लाया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। उसका मोबाइल चेक किया जा रहा है, आईपीसी की धारा 354बी और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।




