कानपुर के फ्लैट में महिला बैंक मैनेजर की लाश मिलने से हड़कंप
फ्लैट में शराब की बोतलें और सिगरेट के दर्जन पैकेट हुए बरामद

कानपुर/उत्तर प्रदेश। यूपी के कानपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बुधवार देर शाम अपार्टमेंट में रहने वाली महिला बैंक मैनेजर का शव बेड पर पड़ा मिला। शव तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। बैंक मैनेजर तीन दिनों से पड़ोसियों को नहीं दिखी थी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। पुलिस हत्या, आत्महत्या और स्वाभाविक मौत समेत तीनों एंगल से जांच कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र स्थित गूबा गार्डेन के आनंद अपार्टमेंट के नंबर 403 में रहने वाली मेघा नायक बैंक मैनेजर थीं। मेघा फर्रुखाबाद आर्यावर्त ग्रामीण बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। पिछले तीन दिनों से उन्हें किसी ने बाहर निकलते हुए नहीं देखा था। मुंबई में रहने वाले पिता रामजी लाल लगातार तीन दिनों से बेटी को कॉल करके संपर्क कर रहे थे, लेकिन मेघा से उनका संपर्क नहीं हो पा रहा था।
पिता रामजी लाल ने इसकी सूचना औरैया के दिबियापुर में रहने वाली रिश्तेदार ऊषा देवी को दी। वह घर पहुंचीं तो फ्लैट में बाहर से सेंट्रल लॉक लगा था। उन्होंने अपने पास मौजूद चाभी से लॉक खोलकर अंदर गईं, तो उन्होंने देखा कि मेघा का शव बेड पर पड़ा था। उन्होंने बताया कि मेघा का पति से तलाक हो गया था। वह अलग रहकर नौकरी कर रही थी।
एसीपी अभिषेक पांडेय ने बताया कि मेघा मूलरूप से दिबियापुर की रहने वाली थीं। माता-पिता मुंबई में रहते हैं। शिवदत्त नाम के शख्स से शादी हुई थी। शिवदत्त झांसी में लोको पायलट हैं। पड़ोसियों ने बताया कि पिछले तीन दिनों से उन्हें किसी ने घर से बाहर निकलते हुए नहीं देखा था। एसीपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया स्वाभाविक मौत प्रतीत हो रही है।




