इंदिरापुरम क्षेत्र में युवक ने नाम बदलकर की शादी, धर्म परिवर्तन का दबाव बनाकर युवती का छोड़ा साथ

गाजियाबाद ब्यूरो। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में एक युवती से नाम बदलकर दोस्ती के बाद शादी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक 8 लाख रुपये हड़पने के बाद धर्म परिवर्तन करने का दबाव बना रहा है। ऐसा न करने पर वह बच्चे समेत युवती को छोड़कर बिहार भाग गया है। युवती की शिकायत पर इंदिरापुरम पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

युवती का आरोप है कि उसकी सात-आठ वर्ष पहले युवक से मुलाकात हुई थी। तब उसने अपना नाम सुमित बताया था। कुछ दिन बात होने पर आरोपी ने युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बना लिए। फिर बच्चा हुआ। अस्पताल में डिलीवरी के दौरान आरोपी ने अपना नाम कविंद्र बताया। वहां आरोपी ने अपना आधार कार्ड भी दिया था। युवती ने जब शादी के लिए कहा तो वह टाल-मटोल करने लगा। कुछ दिन बाद बच्चे का खतना कराने के लिए उसे अपने साथ ले गया लेकिन युवती के विरोध की वजह से कामयाब नहीं हो सका।
आरोपों के मुताबिक, धर्म परिवर्तन का दबाव बनाकर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और अब दोनों को अकेला छोड़कर बिहार चला गया है। उसके घर का पता करके युवती बिहार के गांव भी पहुंच गई। वहां युवक के धर्म की जानकारी होने पर अपने साथ हुए धोखे का पता चला। वहां उसके भाई और रिश्तेदार ने कहा कि अब आरोपी का परिवार से कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने उसे भगा दिया है। उसे पता चला कि वह अलग-अलग युवतियों को अपने जाल में फंसाता है। बुधवार को युवती आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग के लिए इंदिरापुरम थाने पहुंची। वहां आला अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करने की अपील की। पुलिस अधीक्षक द्वितीय ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपी को पकड़कर उससे भी पूछताछ की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button