उत्तर पूर्वी दिल्ली के दयालपुर में पिस्टल दिखाकर बदमाशों ने स्क्रैप कारोबारी से की लूटपाट
Criminals looted a scrap dealer at gunpoint in North East Delhi's Dayalpur

उत्तर पूर्वी दिल्ली। उत्तर पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में बेखौफ बदमाशों ने एक स्क्रैप कारोबारी और उनके कर्मचारी से लूटपाट की। आरोप है कि आरोपियों ने पिस्टल दिखाकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपी स्कूटी और उसकी डिक्की में रखा कैश लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने फौरन मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लूट का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 20 वर्षीय पीड़ित लईक दयालपुर इलाके में रहते हैं। उनका स्क्रैप का कारोबार है। सोमवार रात वह अपने कर्मचारी लियाकत के साथ नांगलोई इलाके में पेमेंट लेने गए थे। रात करीब 11 बजे वह स्कूटी की डिक्की में दो लाख रुपये रखकर वापस लौट रहे थे। उसी दौरान एक लड़के ने लियाकत की गिरेबान पकड़ ली।
लईक ने स्कूटी रोकी। इस बीच दो और लड़के वहां आ गए। उनमें से एक आरोपी ने पिस्टल निकाली और लईक से बोला कि स्कूटी की चाभी मुझे दे दो, वरना गोली मार दूंगा। लईक डर गए और उन्होंने आरोपियों को स्कूटी की चाभी दे दी। तीनों आरोपी स्कूटी लेकर वहां से फरार हो गए। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।




