गोकुलपुरी इलाके में नकली शराब बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़, महिला सहित दो गिरफ्तार

Fake liquor factory busted in Gokulpuri area, two including a woman arrested

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। उत्तरी जिले की स्पेशल स्टाफ की टीम ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली में नकली शराब बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए महिला आरोपित और एक आटो चालक को गिरफ्तार किया है। गोकुलपुरी इलाके में चल रही फैक्ट्री से बड़ी संख्या में बारकोड, बोतलें, ढक्कन, डिब्बे, कैनिंग मशीन, फ्लेवर आदि के लेबल भी बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही 242 कार्टन देशी शराब (12,045 क्वार्टर बोतलें), 1,885 लीटर स्प्रिट/केमिकल और कई टन कच्चा माल बरामद किया गया है। गिरफ्तार महिला आरोपित की पहचान गोकुलपुरी निवासी सुमन और आटो चालक पप्पू के रूप में हुई है। गिरोह दिल्ली और एनसीआर क्षेत्रों के विभिन्न हिस्सों में अवैध शराब की आपूर्ति कर रहा था।
उत्तरी जिले के उपायुक्त राजा बांठिया के मुताबिक, 24 फरवरी को स्पेशल स्टाफ की टीम को गुप्त सूचना मिली कि सुमन नामक महिला नकली शराब की आपूर्ति करने के लिए उत्तरी दिल्ली के पुल मिठाई क्षेत्र में आने वाली है। सिग्नेचर ब्रिज के पास जाल बिछाया गया और मुखबिर की निशानदेही पर एक ऑटो चालक को चेकिंग के लिए रोका गया, जो केवल हरियाणा में बिक्री के लिए 20 कार्टन नकली शराब ले जा रहे थे। पूछताछ के दौरान सुमन ने बताया कि वह गोकुलपुरी निवासी वीरेंद्र यादव के लिए काम करती है, जो गोकुलपुरी के इलाके में शराब बनाने की फैक्ट्री चलाता है। आगे की जांच के दौरान महिला आरोपित की निशानदेही पर नाला रोड गंगा विहार, शिव मंदिर के पास छापा मारा गया, जहां नकली शराब बनाने की फैक्ट्री चल रही थी।
पुलिस टीम ने वहां से 222 कार्टन अवैध शराब, दो बोतल सील करने की मशीन/कैनिंग मशीन, 22 लीटर के 18 खाली प्लास्टिक ड्रम, 20 लीटर के 27 खाली प्लास्टिक ड्रम, 220 लीटर के चार खाली प्लास्टिक ड्रम, 1000 लीटर का एक खाली प्लास्टिक ड्रम, 220 लीटर के केमिकल/स्पिरिट के आठ प्लास्टिक ड्रम, 25 लीटर के केमिकल/स्पिरिट के पांच प्लास्टिक के डिब्बे, खाली बोतलें, बोतल के ढक्कन, बार कोड के साथ शराब के स्टिकर, खाली कार्टून और फ्लेवर की बोतलें भी मौके से बरामद की गईं।
पूछताछ करने पर पता चला कि वीरेंद्र यादव नामक व्यक्ति इस परिसर में अवैध फैक्ट्री चला रहा है। इसके बाद, गोकुलपुरी में उसके आवास पर छापा मारा गया लेकिन वह फरार था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button