माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर बन रहे रोपवे प्रोजेक्ट के विरोध में कटड़ा बंद

सुदेश कुमार,(कटड़ा/जम्मू)। कटड़ा में माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर बन रहे रोपवे के खिलाफ संघर्ष समिति ने बुधवार को कटड़ा बंद करने का आह्वान किया है। समिति ने व्यापारियों, घोड़ा चालकों, पिट्ठू और पालकी संचालकों से बंद को सफल बनाने की अपील की है। हालांकि, होटल, गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं को इससे बाहर रखा गया है। दिव्यांगों, बुजुर्गों व बच्चों की सुविधा के लिए माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड यात्रा मार्ग पर ताराकोट से लेकर सांझी छत तक रोपवे बना रहा है, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि रोपवे के बनने से यात्रा मार्ग पर सेवाएं दे रहे घोड़ा चालक, पिट्ठू, पालकी संचालक और छोटे व्यापारी प्रभावित होंगे। मंगलवार को हुई संघर्ष समिति की बैठक के बाद पदाधिकारियों ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से कटड़ा को बंद करने का निर्णय लिया जाएगा। भवन मार्ग पर बाणगंगा से लेकर मिल्क बार क्षेत्र तक यात्रा मार्ग पर स्थित सभी निजी दुकानें बंद रहेंगी। इसके साथ ही घोड़ा, पिट्ठू और पालकी चलाने वाले मजदूरों को भी बंद में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। समिति का कहना है कि यह कदम स्थानीय लोगों की आजीविका और हितों की रक्षा के लिए उठाया गया है।
संघर्ष समिति ने आरोप लगाया है कि ताराकोट-सांझी शत रोपवे परियोजना लागू होने से हजारों स्थानीय परिवारों की रोजी-रोटी प्रभावित होगी। वर्षों से यात्रा मार्ग पर सेवाएं दे रहे घोड़ा चालक, पिट्ठू, पालकी संचालक और छोटे व्यापारी इस परियोजना से सबसे अधिक प्रभावित होंगे। समिति ने स्पष्ट किया है कि यदि उपराज्यपाल द्वारा गठित उच्च स्तरीय कमेटी ने उनकी मांगों पर ठोस पहल नहीं की, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए समिति ने कहा कि यह आंदोलन आस्था के विरुद्ध नहीं, बल्कि स्थानीय हितों की रक्षा के लिए है। उल्लेखनीय है कि कटड़ा स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों में से एक है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। बंद के चलते यात्रा व्यवस्थाओं पर असर पड़ने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button