वाराणसी में बापू की विरासत ‘सर्व सेवा संघ’ की बिल्डिंग पर चला बुलडोजर

वाराणसी,(उत्तर प्रदेश)। वाराणसी जिला एवं रेलवे प्रशासन ने राजघाट स्थित सर्व सेवा संघ के परिसर में इमारतों पर शनिवार को बुलडोजर चला दिया। यह इमारत रेलवे भूमि का अतिक्रमण उस पर बनायी गयी थी। संघ के संयोजक राम धीरज ने बताया कि वर्ष 1961 में स्थापित सर्व सेवा संघ परिसर महात्मा गांधी, आचार्य विनोबा भावे और लोकनायक जयप्रकाश (जेपी) नारायण की विरासत है, जेपी आपातकाल के दिनों में भी वहां ठहरे थे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार संघ और रेलवे के बीच जमीन को लेकर विवाद था। वाराणसी के जिलाधिकारी एस राजलिंगम की अदालत ने इस साल की शुरुआत में एक आदेश में जमीन उत्तर रेलवे को दे दी थी। संघ इस आदेश के ख़िलाफ़ अदालत गया लेकिन उसे राहत नहीं मिली। उन्होंने बताया कि इसी साल 27 जून को परिसर के निवासियों को क्षेत्र खाली करने का आदेश दिया गया था। बाद में 22 जुलाई को एक संग्रहालय, एक गेस्ट हाउस और एक प्रकाशन कार्यालय खाली कर दिया गया था।
इसके बाद शनिवार को रेलवे, जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों की मौजूदगी में परिसर में कुछ इमारतों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा और कहा कि वाराणसी में सर्व सेवा संघ भवन की इमारतों पर बुलडोजर चलाना भाजपा की हार है। सपा प्रमुख ने रविवार को तंज करते हुए कहा, ”महात्मा गांधी, आचार्य विनोबा भावे और जयप्रकाश जी की वैचारिक विरासत के प्रतीक वाराणसी के ‘सर्व सेवा संघ’ के भवन पर भाजपा सरकार बुलडोज़र चलवाकर जिसे अपनी जीत समझ रही है दरअसल वो उसकी हार है क्योंकि जिनके विचार देश की हवा में बुनियादी रूप से घुले-मिले हैं उनकी नींव कोई क्या हिलाएगा।।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button