कानपुर में घोड़े पर सवार होकर मंदिर में चोरी करने पहुंचे चोर

कानपुर/उत्तर प्रदेश। यूपी के कानपुर से चोरी का अनोखा मामला सामने आया है। बीते बुधवार (20 दिसंबर) की रात कानपुर में घोड़े पर सवार होकर चोर चोरी करने पहुंचे थे। घुड़सवार चोरों ने मंदिर में धावा बोल दिया। एक चोर मंदिर का दानपात्र उखाड़ रहा था। इसी दौरान दो स्थानीय लोगों की नींद खुल गई। उन्होंने चोरों को दौड़ा लिया, लेकिन चोर मौके से भाग निकले। क्षेत्रीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। वहीं, पुलिस का कहना है कि चोरी का प्रयास था, लेकिन इसके खिलाफ तहरीर नहीं आई इसलिए रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी।
बर्रा थाना क्षेत्र स्थित बर्रा-6 केडीए धर्मशाला के पास राधा-मोहन मंदिर है। मंदिर की देखरेख करने वाले निखिल सोनी ने बताया कि बीते 20 दिसंबर की रात लगभग एक बजे दो चोर घोड़े पर सवार होकर आए थे। उन्होंने बताया कि एक चोर घोड़े पर बैठा रहा। जबकि दूसरा चोर मंदिर का दानपात्र उखाड़ने का कोशिश कर रहा था। इसी दौरान स्थानीय रवि और जतिन की नींद खुल गई। उन्होंने शोर मचाया, तो दोनों मौके से घोड़े पर सवार होकर भाग गए।
चोरों की करतूत वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले के जमाने में डाकू और चोर घोड़े पर सवार होकर आते थे। कुछ इसी अंदाज में चोर घोड़े पर सवार होकर चोरी करने के लिए आए थे, लेकिन समय रहते जतिन और रवि की नींद खुल गई। दानपात्र में हजारों का कैश था, चोर इसी दानपात्र को ले जाना चाहते थे। दानपात्र में जमा किया पैसा मंदिर की देखरेख और निमार्ण में खर्च किया जाता है।
राधा मोहन मंदिर के पास रहने वाले लोगों ने अगले दिन चोरी की सूचना जनता नगर चौकी और बर्रा थाने में दी थी, लेकिन पुलिस मौका मुआयना करने भी नहीं आई। इसी बात को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। घोड़े से चोरी करने पहुंचे चोरों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वहीं, बर्रा थाना प्रभारी दिनेश विष्ट का कहना है कि चोरी की सूचना मिली थी, लेकिन तहरीर नहीं आने की वजह से रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। एक वीडियो प्रचलित है, जिसे संज्ञान में लिया गया है। जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button