फरियादियों के सामने सब इंस्पेक्टर ने थानेदार को जमकर पीटा

गोरखपुर,(उत्तर प्रदेश)।उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में सहजनवां थाने पर अजब गजब मामला देखने को मिला। सहजनवां थाना परिसर में गुरुवार की सुबह फरियादियों के सामने थानेदार और सब इंस्पेक्टर में मारपीट होने लगी। विवाद बढ़ने पर थाने के दीवान ने बीच बचाव कर दोनों को अलग कराया। घटना की जानकारी होने पर एसपी नार्थ और सीओ कैंपियरगंज मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। सहजनवां थाना परिसर में सब इंस्पेक्टर राम प्रवेश सिंह एक कुर्सी पर फरियादियों के साथ बैठे थे। थानेदार अपने कमरे से निकलने के बाद किसी काम से सब इंस्पेक्टर को आवाज लगाने लगे। कई बार बुलाने पर सब इंस्पेक्टर ने ध्यान दिया, जिसके बाद थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंच गए। सूत्रों की मानें तो थानेदार ने सब इंस्पेक्टर से बात नहीं सुनने का आरोप लगाते हुए सवाल किया। दोनों में बातचीत का लहजा इतना बिगड़ गया कि बात मारपीट तक पहुंच गई।

सब इंस्पेक्टर ने थानेदार पर उठाया हाथ
बताया जा रहा है कि इसी दौरान सब इंस्पेक्टर ने थानेदार को मारना शुरू कर दिया। थाना परिसर में ही थानेदार की पिटाई देख फरियादी भी अवाक रह गए। मारपीट होते देख थाने का मुंशी भाग कर पहुंचा और सब इंस्पेक्टर को दोनों हाथों से पकड़ कर दूर किया। थानेदार और सब इंस्पेक्टर दूर होने के बाद भी एक दूसरे पर अपशब्दों की बौछार करने लगे। अन्य पुलिस कर्मियों के बार-बार कहने के बाद सब इंस्पेक्टर अपने आवास में गए और थानेदार अपने कक्ष में जाकर बैठ गए।
सब इंस्पेक्टर के खिलाफ भेजी जा रही रिपोर्ट
घटना पर एसपी नार्थ मनोज कुमार अवस्थी और सीओ कैंपियरगंज अजय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। एसपी नार्थ मनोज कुमार अवस्थी ने कहा कि जांच की गई है। सब इंस्पेक्टर ने अनुशासनहीनता की है। कार्रवाई के लिए रिपोर्ट एसएसपी को भेजी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button