समस्तीपुर में छात्र का ‘पकड़ौआ विवाह’: नशीली ड्रिंक पिलाकर कराई जबरन शादी, मंडप में लुढ़कता रहा दूल्हा

समस्तीपुर/बिहार। समस्तीपुर जिले से ‘पकड़ौआ ब्याह’ मामला सामने आया है। यहां एक छात्र नीतीश कुमार को अगवा कर नशे की हालत में उसकी शादी करवा दी गई। पीड़ित छात्र जब होश में आया, तो उसने खुद को एक कमरे में कैद पाया। इसके बाद छात्र ने वीडियो जारी कर बचाने की गुहार लगाई। पुलिस ने वीडियो पर कार्रवाई करते हुए छात्र को मुक्त कराया और मामले में जांच शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नीतीश कुमार शनिवार सुबह 10 बजे लाइब्रेरी पढ़ने गया था। वहां से निकलने के बाद वह अपने दो दोस्तों, राहुल और कुंदन के साथ कोल्ड ड्रिंक पीने चला गया। आरोप है कि दोस्तों ने कोल्ड ड्रिंक में नशे की गोली मिला दी थी। नशा गहराते ही नीतीश को अगवा कर लिया गया और उसकी जबरन शादी की रस्में शुरू कर दी गईं। ‘पकड़ौआ विवाह’ का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि शादी के दौरान नीतीश पूरी तरह सुध-बुध खो चुका था। वह बार-बार मंडप में गिर रहा था और उसका सिर झुक जा रहा था। वहां मौजूद लोग उसे पकड़कर जबरदस्ती रस्में पूरी करवा रहे थे। उसी बेहोशी की हालत में उससे लड़की की मांग भरवाई गई।
शादी के बाद नीतीश को करीब दो दिनों तक एक बंद कमरे में रखा गया। इसी दौरान छात्र ने अपनी आपबीती का वीडियो बनाकर परिजनों को भेज दिया। परिजनों ने वीडियो देखते ही पटोरी थाना पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चकराजअली गांव में छापेमारी की और नीतीश को रेस्क्यू कर परिजनों को सौंप दिया। इस मामले पर डीएसपी बीके मेधावी ने बताया कि युवक का बयान दर्ज कर लिया गया है। ‘पकड़ौआ विवाह’ के आरोपों की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल लड़की अपने घर पर है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button