वाराणसी एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी देने वाला निकला सिंचाई विभाग का बर्खास्त इंजीनियर

वाराणसी,(उत्तर प्रदेश)। वाराणसी एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी दिए जाने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी देने वाला सिंचाई विभाग का बर्खास्त इंजीनियर बताया जा रहा है। इसकी बिहार के गया जिले से गिरफ्तारी हुई है। दरअसल, वाराणसी एयरपोर्ट की डायरेक्टर अर्यमा सान्याल को धमकी भरा पत्र मिलने के बाद मामला गरमा गया था। इस पत्र में लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट, गया इंटरनेशनल एयरपोर्ट समेत देश के अन्य हवाई अड्‌डों, प्रधानमंत्री आवास, राष्ट्रपति भवन जैसे महत्वपूर्ण स्थानों और पटना, दरभंगा जैसे अन्य रेलवे स्टेशनों को ड्रोन हमले से उड़ाने की धमकी दी गई थी। पत्र का मामला सामने आते ही जांच शुरू की गई। बिहार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान गया जिले के टिल्हा महावीर बेलदारी टोला के रहने वाले विनीत कुमार के रूप में की गई है। विनीत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

वाराणसी एयरपोर्ट निदेशक को पत्र मिलने के बाद इसकी जांच शुरू की गई। पत्र के तार गया से जुड़ते दिखे। इसके बाद बिहार पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मगध मेडिकल थाने की पुलिस ने इसमें अहम सफलता मिली। इस मामले में गया के एसएसपी आशीष भारती ने कहा कि इस जांच में डाक विभाग की मदद ली गई। पत्र के बारे में पता लगाया गया। इसके बाद जो तथ्य सामने आए, उसके आधार पर आरोपी विनीत कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में विनीत कुमार ने सिंचाई विभाग में इंजीनियर रहने की बात कही।

पूछताछ के दौरान पता चला कि विनीत कुमार को वित्तीय अनियमितता के कारण गिरफ्तार किया गया था। उसे जेल भी जाना पड़ा था। आम लोगों के बीच डर का माहौल पैदा करने और दुश्मनों को फंसाने के लिए ड्रोन हमले की धमकी वाला पत्र भेजा था। विनीत के घर से धमकी भरे पत्र की कॉपी, अन्य कागजात और मोबाइल बरामद किया गया है। विनीत कुमार को इससे पहले नवंबर 2015 में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत जेल भेजा गया था। मध्य प्रदेश के जबलपुर में यह कार्रवाई हुई थी। उसके खिलाफ आपराधिक आरोपों में छह केस दर्ज हैं। विनीत की गिरफ्तारी के बाद इस मामले की चर्चा तेज हो गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button