फतेहपुर में ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार की हुई मौत
Bike rider dies in tractor collision in Fatehpur

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। खखरेरू थाना क्षेत्र के खागा-धाता मार्ग में स्थित भीमपुर तिराहे पर अनियंत्रित ट्रैक्टर चालक ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी जिसमें एक बाइक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक सवार बांदा जनपद के ग्राम मुसीवा थाना कमासिन के निवासी बताए जा रहे हैं। जो कि अपने भाई की ससुराल जनपद कौशांबी ग्राम बंबूपुर जा रहे थे। बीच रास्ते में ही एक्सीडेंट हो गया, जिसमें छोटे भाई सागर गुप्ता की मौके पर ही मृत्यु हो गई एवं बड़े भाई और दोस्त बच गए।
मृतक के बड़े भाई ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 19 वर्ष थी। घटना की सूचना पाते ही खखरेरु थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायलों को खखरेरू सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में सागर गुप्ता को मृत घोषित कर दिया एवं घायल विशाल गुप्ता पुत्र राजू गुप्ता व दोस्त हरिओम को इलाज के लिए जिला अस्पताल मंझनपुर के लिए रेफर कर दिया। एक्सीडेंट की सूचना पर मृतक व घायलों के परिजन सीएचसी खखरेरू पहुंच गए जिनका रो-रो कर बुरा हाल है। इस घटना की जानकारी के बारे में खखरेरू थाना अध्यक्ष ने बताया कि ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया है।




