गाजियाबाद में चाकू लेकर दारोगा समेत तीन पुलिसकर्मियों को दौड़ाया, फिर खुद थाने पहुंचे आरोपित

In Ghaziabad, the accused chased three policemen including a sub-inspector with a knife, then went to the police station himself

गाजियाबाद। नया गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के पास चाकू से एक दूसरे पर वार कर रहे दो पक्षों के चार युवकों को जब एक दारोगा सहित तीन पुलिसकर्मियों ने रोकने की कोशिश की तो वे चारों पुलिस के पीछे ही दौड़ पड़े। चाकू लेकर आरोपितों को अपनी ओर आते देख पुलिसकर्मी खुद के बचाव के लिए वहां से भागे। इसके बाद आरोपित एक दूसरे पक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचे तो पुलिस ने उनको पकड़ लिया और दारोगा की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की है।
दारोगा अर्जुन सिंह ने आरोपितों के खिलाफ दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया कि वह 27 सितंबर को प्रशिक्षु दारोगा विवेक तिवारी और मुख्य आरक्षी रुपेश मलिक के साथ लोहिया नगर में गश्त कर रहे थे। जब वे आरडीसी रेलवे फाटक के पास पहुंचे तो देखा कि दो पक्षों के चार युवक आपस में एक दूसरे पर चाकू से वार कर रहे हैं।
चारों युवक शराब के नशे में थे और चाकू के वार से जख्मी भी थे। दारोगा ने साथी पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर जब चारों युवकों को झगड़ा करने से रोकने और उनको पकड़ने की कोशिश की तो उन चारों ने चाकू लेकर उनकाे ही दौड़ा ले लिया। दारोगा और उनके साथी पुलिसकर्मी खुद का बचाव करने के लिए वहां से पीछे की ओर भागे। इसके बाद साहस जुटाकर उन्होंने आरोपितों को चेतावनी देते हुए दोबारा पकड़ने की कोशिश की तो वे वहां से भाग निकले। इसके बाद दोनों पक्ष के चारों लोग शिकायत लेकर थाने पहुंचे तो उनको पकड़ा गया।
पुलिस ने दारोगा की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर उनको गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपितों में एक पक्ष के दीनागढ़ी का अमित, नंदग्राम का लखन और दूसरे पक्ष के गढ़ी सिकरोड का काली उर्फ कृष्णा, सद्दीक नगर का अंकुर कश्यप है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button