खखरेरू नगर पंचायत में बिजली आपूर्ति की स्थिति हुई बदतर

The condition of electricity supply in Khakhreru Nagar Panchayat has worsened

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। खखरेरू नगर पंचायत में बिजली आपूर्ति की स्थिति बदतर बनी हुई है। विद्युत विभाग द्वारा बिजली की सप्लाई ग्रामीण क्षेत्र वाली दी जा रही है और बिल की वसूली नगरीय क्षेत्र के हिसाब से की जा रही है। ग्रामीण विद्युत आपूर्ति के बावजूद नगरीय टैरिफ के हिसाब से बिल वसूली की शिकायत चेयरमैन ने पत्र लिख कर अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण खंड फतेहपुर से की है। 22 जुलाई 2022 को नगर पंचायत खखरेरू का गठन हुआ था। इसके बाद 2023 में चुनाव हुआ जिसके बाद से निकाय द्वारा नगर वासियों को नगरीय सुविधा सड़क,नाली,स्वच्छता से जुड़ी सुविधाएं दी जाने लगीं। लेकिन विद्युत विभाग द्वारा अभी तक नगरीय क्षेत्र वाली बिजली की सप्लाई नहीं दी जा रही है। जबकि बिजली बिल की वसूली नगरीय क्षेत्र में लागू टैरिफ के आधार पर की जा रही है। जिससे नगर वासियों में विभाग के प्रति जबरदस्त आक्रोश है।
नगर पंचायत के वजूद में आने के बाद विद्युत विभाग द्वारा नगरीय क्षेत्र में विद्युतिकरण के लिए इस्टीमेट तैयार करवा कर टेंडर प्रक्रिया के बाद कच्छप गति से कुछ वार्डों में काम शुरू करवा दिया गया। कहीं केवल पोल लगा कर और कहीं तार खींच कर काम अधूरा छोड़ ठेकेदार फरार हो गया। जिससे नगर वासियों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
नगरीय क्षेत्र में निर्धारित बिजली सप्लाई तो नगर वासियों मिल ही नहीं रही है इसके बाद ग्रामीण क्षेत्र की बिजली सप्लाई में भी जम कर कटौती हो रही है। जिससे नगर वासी काफी परेशानी झेल रहे हैं। चेयरमैन ज्ञान चंद्र केशरवानी ने बताया कि अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण खंड फतेहपुर को पत्र लिख कर नगरीय क्षेत्र में मिलने वाली बिजली सप्लाई की मांग की गई है। साथ में अधूरे कामों को पूरा करने के लिए भी कहा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button