आगरा में जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर हुआ मनकामेश्वर मंदिर,यूपी में गरमा गई सियासत

आगरा,(उत्तर प्रदेश)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा के जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर मनकामेश्वर मंदिर करने की घोषणा की है। इससे आंबेडकर अनुयाईयों में गुस्सा उमड़ आया है। इसकी वजह यह है कि आंबेडकर अनुयायी इस स्टेशन का नाम बाबा साहब के नाम पर रखे जाने की पिछले एक साल से मांग कर रहे थे। इसके लिए उन्होंने दर्जनों प्रदर्शन किए हैं। दलित जनप्रतिनिधियों से लेकर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक पत्र भेजा है। सीएम की इस घोषणा के बाद आंबेडकर अनुयायी एकता फाउंडेशन ने दलित सांसद और विधायकों को चूड़ियां और श्रंगार के साधन भेंट करने का एलान किया है।
सीएम योगी ने बुधवार को आगरा चल रहे मेट्रो रेल निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मेट्रा रेल का हाईस्पीड ट्रायल भी कराया। इस मौके पर उन्होंने प्रॉयरिटी सेक्टर में तैयार हो रहे तीन मेट्रो स्टेशनों के नाम लिए, जो कि 6 किमी की दूरी की दूरी पर बन रहे हैं। इनमें उन्होंने जामा मस्जिद स्टेशन के नाम को मनकामेश्वर मंदिर स्टेशन से पुकारा। यूपीएमआरसी एमडी सुशील कुमार ने कहा कि सरकार चाहेगी तो स्टेशन का नाम बदला जाएगा। इसके लिए वे प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजेंंगे।
एक साल से कर रहे हैं मांग
आंबेडकर अनुयायी एकता फाउंडेशन के आशीष प्रिंस ने बताया कि 5 मई 2022 को डेप्यूटी सीएम केशव प्रसाद मौर्य मेट्रो रेल प्रोजक्ट के निरीक्षण के लिए आगरा आए थे। इस दौरान छावनी के विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन का नाम मनकामेश्वर मंदिर किए जाने का प्रस्ताव दिया था। जबकि मेट्रो का ये स्टेशन मनकामेश्वर मंदिर और जामा मस्जिद 500 मीटर की दूरी पर हैं। उन्होंने कहा कि मेट्रो स्टेशन बाबा साहब की मूर्ति के सामने बन रहा है। इस चौराहे का भी बाबा साहब आंबेडकर चौराहे के नाम से जाना जाता है।
1956 में बाबा साहब आए थे यहां
आशीष प्रिंस ने बताया कि बाबा साहब 18 मार्च वर्ष 1956 में आगरा आए थे। उन्होंने रामलीला मैदान में अपना अंतिम भाषण दिया था। यहां से वे पैदल चलकर चक्कीपाट के बुद्ध विहार पर गए थे। मेट्रो स्टेशन इसी बुद्ध विहार के सामने पुराने बिजलीघर में बन रहा है। ये स्टेशन भूमिगत स्टेशन होगा। उन्होंने कहा कि मेट्रो स्टेशन बाबा साहब के नाम होना चाहिए। यहां रहने वाली आबादी की 80 फीसद आबादी आंबेडकर अनुयाईयों की है। आशीष प्रिंस ने कहा कि 6 अगस्त को पैदल मार्च किया जाएगा। इसमें आंबेडकर समाज के लोग छावनी विधायक डॉ. जीएम धर्मेश के पास जाएंगे और अपना विरोध जताएंगे। इस संबंध में विधायक डॉ. जीएस धर्मेश से उनके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button