एम्स ऋषिकेश से डॉक्टरी की पढ़ाई कर रही युवती नशे में चूर!
उल्टियां करने का वीडियो देख सोशल मीडिया पर उबले यूजर्स

ऋषिकेश/उत्तराखंड। तीर्थनगरी ऋषिकेश से एक ऐसा विडियो सामने आया है जिसमें एक युवती उल्टियां करती दिखाई दे रही है। यह विडियो ऋषिकेश एम्स में डॉक्टरी की पढ़ाई करने वाली छात्रा का बताया जा रहा है। सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो को देखकर यूजर्स तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि लाखों रुपए खर्च कर डॉक्टरी की पढ़ाई करने वाले कुछ बच्चे अपने माता-पिता की मेहनत की कमाई को किस तरह ठिकाने लगा कर अपना भविष्य भी बर्बाद कर रहे हैं।
यह वीडियो उस समय सामने आया है जब एम्स ऋषिकेश विश्व मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह मना रहा है। इस वीडियो में मेडिकल छात्रा नशे में धुत उल्टियां करती दिखाई दे रही है। पास में मौजूद महिला सुरक्षाकर्मी उसे संभालती दिखाई दे रही है। यह घटना एम्स ऋषिकेश में होने वाली चिकित्सीय पढ़ाई और प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
इस वीडियो को फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स पर शेयर कर लोग आज की पीढ़ी की मानसिकता पर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि डॉक्टरों का काम लोगों को शराब से दूर रहने की सलाह देना है। ये युवती स्वयं नशे में है और क्या ये भविष्य में अच्छी डॉक्टर बन पाएगी। एम्स ऋषिकेश का विवादों से हमेशा ही नाता रहा है। चाहे वह सालों से काम कर रहे संविदा कर्मचारियों को निकाले जाने का मामला हो या करोड़ों रुपए के घपले का मामला। सीबीआई ने कारवाई कर एम्स निदेशक सहित अन्य कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।




