मेरठ में बीजेपी नेता के घर हमला, हमलावरों ने लाठी-डंडों, धारदार हथियारों से घर में घुसकर पुरुषों और महिलाओं को पीटा
BJP leader's house attacked in Meerut, attackers entered the house with sticks, sharp weapons and beat up men and women

मेरठ/उत्तर प्रदेश। मेरठ में बुधवार को बोलेरो गाड़ी में सवार होकर आए करीब तीन दर्जन हमलावरों ने पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं महानगर कार्यकारिणी सदस्य के घर पर धावा बोल दिया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। हमले में एक दर्जन से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें चार की हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, डूंगरावली निवासी अक्षय बुधवार को बोलेरो से पेपर देकर लौट रहा था। जैसे ही वह अपने घर के पास पहुंचा, आकाश नाम का युवक बाइक से आया और गाड़ी में टक्कर मार दी। बात बढ़ी तो दोनों के बीच कहासुनी और हाथापाई हो गई। कुछ देर बाद दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन यह शांति देर शाम तक ही टिक पाई।
शाम बोलेरो सवार दर्जनों हमलावरों ने पूर्व भाजपा नेता के घर धावा बोल दिया। लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस हमलावरों ने घर में घुसकर न सिर्फ पुरुषों को पीटा, बल्कि महिलाओं और बुजुर्गों को भी नहीं बख्शा। महिलाओं के साथ मारपीट के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की भी शिकायतें सामने आई हैं। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि हमलावर जान से मारने की नीयत से हमला कर रहे थे और लगातार धमकियां दे रहे थे।
हमलावरों में एक व्यक्ति की पहचान शामली में तैनात एक पुलिस अधिकारी के गनर के रूप में हुई है। पीड़ितों के अनुसार, उसने पिस्टल लहराकर जान से मारने की धमकी दी। परिवार का यह भी आरोप है कि ये दबंग पहले भी कई बार हमला कर चुके हैं, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिससे उनका हौसला और बढ़ गया।
घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस मौके पर देर से पहुंची, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। घटना के बाद पूरे डूंगरावली गांव में तनाव और भय का माहौल बन गया है। इस मामले मेंएसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि विवाद वाहन की टक्कर से शुरू हुआ था, जो मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों की तहरीर मिल चुकी है। आसपास लगे सीसीटीवी और वायरल वीडियो की जांच की जा रही है, जांच के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




