नंद नगरी थाना पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग का किया खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, नकदी व चोरी की स्कूटी बरामद
जीटीबी रेड लाइट स्नैचिंग केस सुलझा, पुलिस की त्वरित कार्रवाई

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। नंद नगरी थाना क्षेत्र में हुई मोबाइल स्नैचिंग की वारदात को पुलिस टीम ने सुलझा लिया है। घटना 14 मार्च को हुई थी, जब चंदर लोक कॉलोनी निवासी नितिन ठाकुर (36) शाम को घर लौट रहे थे। जीटीबी रेड लाइट के पास दो युवक स्कूटी पर आए और उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।
शिकायत दर्ज होने पर थाना नंद नगरी में एफआईआर संख्या 154/26 अंतर्गत बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज की गई थी। जांच की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर आनंद यादव, एसएचओ थाना नंद नगरी के नेतृत्व में गठित टीम को सौंपी गई। टीम में एएसआई प्रमोद, हेड कांस्टेबल रोहित व दीपक, तथा कॉन्स्टेबल जितेंद्र और विमल शामिल थे।
तकनीकी व स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध आरोपी आमिर खान उर्फ बंदर (19), निवासी सुंदर नगरी, दिल्ली को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने मोबाइल फोन 10,000 रुपये में बेच दिया था। उसकी निशानदेही पर 4,670 रुपये नकद बरामद किए गए। वारदात में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त की गई। जांच में सामने आया कि बरामद स्कूटी थाना हर्ष विहार क्षेत्र से चोरी की गई थी।
पुलिस का कहना है कि आगे की जांच जारी है और फरार साथी की तलाश की जा रही है। यह कार्रवाई अपराधियों पर शिकंजा कसने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।




