प्रोग्राम के बहाने बुलाया फिर गाजियाबाद की लड़की के साथ 72 घंटे तक रेप
Ghaziabad girl called on pretext of a programme, then raped for 72 hours

आगरा/उत्तर प्रदेश। आगरा में एक डांस प्रोग्राम में शामिल होने आई 24 साल की युवती को बंधक बनाकर 3 दिनों तक रेप किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। युवती गाजियाबाद की रहने वाली थी, जिसके साथ शहर के ताजगंज इलाके में वारदात की गई। पुलिस ने इस मामले में इवेंट कंपनी के मैनेजर और पत्नी को गिरफ्तार किया है। आइए समझते हैं पूरा माजरा क्या है।
ताजगंज एसीपी सैयद अरीब अहमद ने बताया, ‘इवेंट कंपनी के मैनेजर नूरी दरवाजा निवासी विनय गुप्ता और उसकी पत्नी मीरा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी वेश्यावृत्ति रैकेट चलाते हैं। पीड़ित लड़की ने इस धंधे का हिस्सा बनने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उसे ड्रग्स देकर 3 दिन तक फ्लैट में रखा गया और दुष्कर्म किया गया। अभी इस पूरे मामले की जांच की जा रही है।’
पुलिस के अनुसार 72 घंटों तक बंधक बने रहने के बाद किसी तरह से चंगुल से भागी और ताजगंज पुलिस थाने जा पहुंची। उसने बताया कि गाजियाबाद में वह एक क्लब में डांसर का काम करती है। 8 अक्तूबर को आगरा में एक प्रोग्राम के लिए गुप्ता की तरफ से डांस प्रोग्राम का निमंत्रण मिला। लेकिन यहां आने पर उसे फ्लैट में ले जाया गया। वहां विनय की पत्नी मीरा ने चाय बनाई और उसमें नशीला पदार्थ मिला दिया। फिर दुष्कर्म किया गया। पीड़ित महिला ने बताया कि आरोपी ने जान लेने की धमकी भी दी। घटना के बाद से वह शॉक और ट्रॉमा में है। फिलहाल पुलिस इस घटना में अन्य लोगों के शामिल होने की भी जांच कर रही है। मुख्य आरोपी पति-पत्नी को कोर्ट के आदेश के बाद जेल भेज दिया गया है।



