गोरखपुर में जेसीबी हादसे में छात्र की मौत का मामला गरमाया, पांच गिरफ्तार; सपा नेता साधु यादव में हिरासत

समाजवादी पार्टी नेता साधु यादव को 14 वर्षीय छात्र की मौत मामले में हिरासत में लिया गया है। सपा अध्यक्ष की रैली के दौरान बच्चे की जेसीबी से दबकर मौत हुई थी।

गोरखपुर,उत्तर प्रदेश। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पीडीए रथ यात्रा के दौरान गोरखपुर में हुए जेसीबी हादसे में 14 वर्षीय छात्र की मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज है और पुलिस ने भी जांच तथा कार्रवाई का दायरा बढ़ा दिया है। अब तक जेसीबी चालक समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, कैंपियरगंज क्षेत्र के सपा नेता साधु यादव उर्फ साधु भैया से पुलिस पूछताछ कर रही है। उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

बताया गया है कि 18 नवंबर को अखिलेश यादव की रैली के दौरान जेसीबी के नीचे दबने से भाजपा नेता के 14 वर्षीय बेटे की मौत हो गई थी। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। मामले में पुलिस ने छह नामजद सहित कुल 66 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने विनोद शाही, नरसिंह यादव, राहुल यादव, शिवांग निषाद और वीरेंद्र यादव को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में जेसीबी चालक भी शामिल बताया जा रहा है।

इस मामले में साधु यादव का नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया है। साधु यादव कैंपियरगंज क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के सक्रिय नेताओं में गिने जाते हैं। उनकी पत्नी चिंता यादव पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं और उन्होंने सपा के टिकट पर कैंपियरगंज विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ा था। साधु यादव आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की ओर से टिकट के दावेदारों में शामिल बताए जा रहे हैं।

साधु यादव की पूछताछ को लेकर समाजवादी पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं में नाराजगी भी सामने आई है। कार्यकर्ताओं का सवाल है कि उन्हें पुलिस हिरासत में लेने की आवश्यकता क्यों पड़ी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि छात्र की मौत के मामले में सभी संबंधित पहलुओं की जांच की जा रही है और साधु यादव की भूमिका भी इसी जांच का हिस्सा है।

साधु यादव पिछले कुछ समय से कैंपियरगंज क्षेत्र में पार्टी के भीतर चल रही राजनीतिक खींचतान को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। नवीन यादव की राजनीतिक सक्रियता और पार्टी टिकट को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच साधु यादव के समर्थकों ने सोशल मीडिया पर विरोध जताया था। बताया जाता है कि इस विवाद के दौरान तत्कालीन सपा जिला अध्यक्ष बृजेश कुमार गौतम के खिलाफ भी कुछ कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोला था। बाद में इस राजनीतिक खींचतान से जुड़े विवादों को लेकर रामगढ़ताल थाने में कुछ कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए गए थे। हालांकि, बाद में इन मुकदमों को वापस लेने की बात भी सामने आई थी।

उधर, जेसीबी हादसे की जांच के तहत पुलिस ने चार जेसीबी मशीनों को कब्जे में लिया है। अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि रैली के दौरान जेसीबी के संचालन और सुरक्षा व्यवस्था में किन लोगों की क्या भूमिका थी। मामले में साधु यादव की भूमिका को लेकर अभी जांच जारी है और उनकी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button