नालासोपारा में वसई क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, देसी पिस्टल के साथ 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार

कांती जाधव,(स्टेट हेड/महाराष्ट्)। पालघर जिले की वसई क्राइम ब्रांच यूनिट-2 की टीम ने नालासोपारा क्षेत्र में अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय आपराधिक तत्वों में खलबली मच गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच रूम 2 वसई कार्यालय पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी नालासोपारा पूर्व क्षेत्र में अपराध पर निगरानी के लिए गश्त कर रहे थे। उसी समय,अपराध शाखा सेल-2 के उप-निरीक्षक/मनोज नारायण मोरे को अपने गोपनीय मुखबिर से सूचना मिली कि नालासोपारा के धनिवबाग तालाब के पास चिमा पाटिल शिक्षण संस्थान के मुख्य द्वार के सामने एक व्यक्ति एक देसी पिस्तौल और 2 जिंदा कारतूस के साथ आ रहा है। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस निरीक्षक अविराज कुराड़े के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया और तत्काल मौके पर जाल बिछाया गया। पुलिस टीम ने धानीवबाग तालाब के पास स्थित चिमा पाटील एजुकेशन इंस्टिट्यूट के मुख्य द्वार के समीप घेराबंदी कर संदिग्ध को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान नसरुद्दीन मोहम्मद शरीफ खान (31), निवासी नालासोपारा पूर्व के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 50,600 रुपये आँकी गई है।
पूछताछ में सामने आया कि इस अवैध हथियार मामले में एक अन्य आरोपी भी संलिप्त है। इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी कृष्णा रामचंद्र चव्हाण (31), निवासी सातिवली को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी नसरुद्दीन के खिलाफ पहले से ही वालीव और पेल्हार पुलिस स्टेशनों में दो आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इस मामले में पेल्हार पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 699/2025 के तहत भारतीय शस्त्र अधिनियम की धारा 3, 25 और 27 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पकड़े गए दोनों आरोपियों को आगे की जांच एवं कानूनी प्रक्रिया के लिए पेल्हार पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच-2 वसई के निकेत कौशिक, दत्तात्रेय शिंदे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, संदीप डोईफोडे,पुलिस उपायुक्त (अपराध),मदन बल्लाल सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध),अपराध शाखा 2 वसई यूनिट के पुलिस निरीक्षक अविराज कुराडे, सपो.निरी/सोपान पाटिल, सहफौज/संजय नवले, मुकेश पवार,रवींद्र पवार, मनोज मोरे,चंदन मोरे, पोहवा/प्रफुल्ल पाटिल,सचिन पाटिल,जगदीश गोवारी सहित उनकी टीम के अधिकारियों व कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियार रखने और उनकी तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी और अधिक सख्ती से जारी रहेगा।




