होली पर शांति सर्वोपरि, एसपी-एएसपी ने गांव पहुंच दिए कड़े निर्देश
जनपद वासियों से सौहार्दपूर्वक पर्व मनाने की अपील

सचिन पाण्डेय,ब्यूरो चीफ(कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश)। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने थाना करारी क्षेत्र के ग्राम छिमिरछा का स्थलीय निरीक्षण किया। उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह राजेश कुमार सिंह भी मौजूद रहे। एसपी ने होलिका दहन स्थल पर पहुंचकर पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, अग्निशमन के साधनों एवं भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि होलिका दहन स्थल एवं होली के दिन संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने कहा कि होली खुशियों और आपसी भाईचारे का पर्व है। जनपद में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि पर्व सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो। आमजन से अपील है कि अफवाहों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने कहा कि होलिका दहन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर भी निगरानी रखी जा रही है। शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की। जनपद पुलिस द्वारा होली को लेकर व्यापक सुरक्षा तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि त्योहार उल्लास और शांति के साथ संपन्न हो सके।




