राहुल गांधी सहित 20 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज
दरभंगा जिला कल्याण पदाधिकारी ने लिया एक्शन

दरभंगा/बिहार। दरभंगा जिले के जिला कल्याण पदाधिकारी आलोक कुमार के आवेदन पर लहेरियासराय थाना में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। राहुल गांधी के अलावा बीस अन्य लोगों पर भी मामला दर्ज किया गया है। इन लोगों के खिलाफ पुलिस ने बीएनएस की धारा 163/144 के उल्लंघन का मामला दर्ज किया है। जिला कल्याण पदाधिकारी ने लिखा है कि अंबेडकर छात्रावास में कार्यक्रम के लिए कोई विधिवत अनुमति नहीं दी गई थी। उसके बाद भी इनके द्वारा आयोजन किया गया।
दर्ज प्राथमिकी में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पूर्व विधान पार्षद डॉ. मदन मोहन झा, जमाल हसन, पूर्व जिलाध्यक्ष सीताराम चौधरी, विधायक शकील अहमद खान, प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम सहित 20 कांग्रेस नेताओं को नामजद किया गया है, जबकि दर्जनों अज्ञात पर भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। बता दें की लहेरियासराय थाना क्षेत्र के मदारपुर स्थित अम्बेडकर छात्रावास में कांग्रेस की ओर से आयोजित शिक्षा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जिसमें राहुल गांधी शामिल हुए।
जिला प्रशासन ने आरोप लगाया है कि ये आयोजन बिना अनुमति के किया गया था। जिला प्रशासन ने अम्बेडकर छात्रावास में होने वाले कार्यक्रम को रद्द करते हुए टाउन हॉल में आयोजन करने की अनुमति दी थी। हालांकि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दरभंगा पहुंचने के बाद काफी हाई वोल्टेज ड्रामा के बीच राहुल गांधी पैदल यात्रा करते हुए अम्बेडकर छात्रावास परिसर में शिक्षा संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया है। इस सम्बंध में पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए सदर एसडीओ विकास कुमार और सदर डीएसपी अमित कुमार ने बताया की अंबेडकर छात्रावास में बिना अनुमति के आयोजित कार्यक्रम भारतीय न्याय संहिता की धारा 163 का उल्लंघन है।




