दिल्ली के बवाना में चाकू से गोदकर किशोर की हत्या, चार नाबालिग समेत सात गिरफ्तार

बाहरी दिल्ली। राजधानी में एक बार फिर नाबालिगों ने अपने साथियों के साथ मिलकर 17 वर्षीय किशोर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। बवाना की जेजे कॉलोनी में बुधवार रात आधा दर्जन से अधिक हमलावरों ने 17 वर्षीय किशोर को झंडा चौक पर घेरकर पहले पीटा और फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। अस्पताल में किशोर को मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चार नाबालिग समेत सात युवकों को पकड़ लिया है। पुलिस हत्या में प्रयुक्त चार चाकू भी बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि मृतक किशोर और हमलावर आपस में जानते थे, किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में दुश्मनी चल रही थी, इसी को लेकर यह हत्या हुई है। एमएलसी रिपोर्ट में मृतक की छाती और शरीर के दूसरे हिस्सों पर चाकू के कई जानलेवा घावों का जिक्र है।
यह सनसनीखेज वारदात बाहरी-उत्तरी दिल्ली जिले के बवाना स्थित जेजे कॉलोनी के ईई-ब्लॉक में बुधवार रात नौ बजे के आसपास हुई। पुलिस को वारदात की सूचना रात 9:36 मिनट पर मिली। पुलिस पूठखुर्द के महर्षि वाल्मीकि अस्पताल पहुंची तो किशोर की मौत हो चुकी थी। शिकायकर्ता ने पुलिस को बताया कि कल रात लगभग साढ़े आठ बजे आरोपित ने किशोर को रोका। इसके बाद कुछ लोगों के उकसाने पर युवकों के समूह ने उस बेरहमी से हमला किया। कुछ ने लात-मुक्के मारे की। चार आरोपित ने चाकू से हमला किया।
बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी ने बताया कि आरोपित की निशानदेही पर अपराध में प्रयुक्त चार चाकू बरामद किए हैं। साजिश की पूरी चेन का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। घटना में मोहम्मद फारुख नाम के एक व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है।




