पीएम मोदी रविवार को आएंगे गाजियाबाद, आधे शहर में ड्रोन उड़ाने पर लगी पाबंदी
गाजियाबाद में नमो भारत ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी,बीएनएस की धारा 163 लागू

- साहिबाबाद-आनंद विहार नमो भारत ट्रेन का संचालन शुरू करने के लिए प्रधानमंत्री गाजियाबाद आएंगे
- लिंक रोड, जीटी रोड और वजीराबाद रोड पर डायवर्जन प्लान भी पुलिस जारी करेगी
गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को साहिबाबाद से आनंद विहार स्टेशन के बीच नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाने आएंगे। पीएम की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने शहर के आठ थानाक्षेत्रों में ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी लगाई है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस रूट डायवर्जन प्लान भी जारी करेगी।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने पीएम के कार्यक्रम को देखते हुए कानून-व्यवस्था के लिए बीएनएस की धारा 163 लागू की है। पुलिस ने कोतवाली, मधुबन बापूधाम, नंदग्राम, लिंक रोड, साहिबाबाद, इंदिरापुरम, सिहानी गेट और कौशांबी थानाक्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी लगाई है। इन आठ थानाक्षेत्रों को नो ड्रोन फ्लाई जोन घोषित किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मीडियाकर्मी या अन्य व्यक्ति एवं संगठन को प्रतिबंधित क्षेत्र में ड्रोन से फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी करनी है तो संबंधित थाने को ड्रोन एवं ड्रोन ऑपरेटर की जानकारी देकर डीसीपी से अनुमति लेनी होगी। पुलिस का कहना है कि निषेधाज्ञा रविवार की आधी रात तक जारी रहेगी। पुलिस प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए लिंक रोड, जीटी रोड और वजीराबाद रोड पर डायवर्जन प्लान भी जारी करेगी।




