मिशन शक्ति की पहल से फिर खुशहाल हुए परिवार, महिलाओं को उपहार देकर कराया मुंह मीठा
कौशाम्बी में संदीपन घाट थाने के मिशन शक्ति केंद्र ने सफल काउंसलिंग के बाद लिया महिलाओं का फीडबैक, वैवाहिक जीवन में सुधार पर जताया संतोष

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ
कौशाम्बी,उत्तर प्रदेश। शारदीय नवरात्र के अवसर पर मिशन शक्ति अभियान के छठे चरण के तहत संदीपन घाट थाना पुलिस ने महिला सशक्तीकरण और पारिवारिक सौहार्द की दिशा में सराहनीय पहल की। मिशन शक्ति केंद्र पर काउंसलिंग के जरिए पूर्व में पति-पत्नी के बीच विवादों का समाधान होने के बाद शुक्रवार को संबंधित परिवारों को दोबारा थाने बुलाकर उनका फीडबैक लिया गया। इस दौरान महिलाओं ने अपनी समस्याओं में सुधार आने और वैवाहिक जीवन सामान्य होने की जानकारी देते हुए पुलिस की पहल पर संतोष जताया।
प्रभारी निरीक्षक नागेंद्र कुमार नागर के नेतृत्व में मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने महिलाओं से उनकी पूर्व की समस्याओं और वर्तमान पारिवारिक परिस्थितियों के बारे में जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि काउंसलिंग के बाद उनके वैवाहिक जीवन में सुधार आया है और फिलहाल उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। उन्होंने मिशन शक्ति केंद्र की काउंसलिंग और पुलिस की कार्रवाई को उपयोगी बताते हुए संतुष्टि व्यक्त की।
इस अवसर पर पुलिस टीम ने महिलाओं को उपहार भेंट किए और उनका मुंह मीठा कराकर सुखी वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद सभी महिलाओं को सकुशल घर के लिए विदा किया गया। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य केवल विवादों का निस्तारण करना ही नहीं, बल्कि परिवारों में आपसी समझ, विश्वास और सामंजस्य को मजबूत करना भी रहा।
कार्यक्रम में उपनिरीक्षक जगरूप यादव, महिला उपनिरीक्षक सुनीता गोयल, महिला आरक्षी गीतांजलि, प्रियंका सिंह, रागिनी पटेल और महिला कांस्टेबल स्मिता पांडेय मौजूद रहीं। पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी चायल के निर्देशन में की गई इस पहल को महिलाओं को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने तथा पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए काउंसलिंग को प्रभावी माध्यम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




