ईरान के पाकिस्तान सीमा से लगे प्रांत में बड़ा हमला, कोर्ट में चले ग्रेनेड, 5 की मौत

Big attack in Iran's province bordering Pakistan, grenades thrown in court, 5 killed

तेहरान। दक्षिण-पूर्वी ईरान के सिस्तान-बलूचिस्तान प्रांत में शनिवार को बड़ा हमला हुआ है। ये हमला एक कोर्ट बिल्डिंग में किया गया है, जिसमें कम से कम पांच लोगों की मौत हुई है और 20 से ज्यादा घायल हैं। ईरान सरकारी टीवी ने बताया है कि अदालत भवन पर तीन अज्ञात हमलावरों ने ग्रेनेड से हमला किया, जिसमें एक मां और बच्चे समेत छह लोगों की मौत हो गई। वहीं घायलों में कई की हालत नाजुक है, ऐसे में मरने वालों की तादाद और बढ़ने का अंदेशा है।
स्थानीय वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सरकारी समाचार एजेंसी इरना को बताया कि सिस्तान-बलूचिस्तान की राजधानी जाहेदान स्थित एक अदालत भवन में बंदूकधारियों ने अंधाधुंध फायरिंग की और हथगोले फेंके। ईरानी मीडिया के मुताबिक, हमले के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए तीन बंदूकधारियों को मार गिराया। ईरान में ये हमला ऐसा समय हुआ है, जब उसके इजरायल के साथ संबंध बेहद तनावपूर्ण दौर से गुजर रहे हैं।
हमले की जगह ईरान की राजधानी तेहरान से 1,130 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में है। स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि फिलहाल हालात काबू में हैं। तस्नीम समाचार एजेंसी ने अपनी एक रिपोर्ट ने इस हमले के लिए जैश अल-अदल को जिम्मेदार ठहराया है। यह गुट ईरान के पूर्वी सिस्तान और पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांतों की आजादी की बात कहता है। हालांकि ईरानी सरकार ने आधिकारिक तौर पर इसका ऐलान नहीं किया है। वहीं इस गुट की ओर से भी बयान नहीं आया है।
सिस्तान और बलूचिस्तान प्रांत ईरान के सबसे कम विकसित इलाकों में से एक है। इस क्षेत्र के सुन्नी मुस्लिम बहुल निवासियों और ईरान के शिया धर्मतंत्र के बीच संबंध लंबे समय से तनावपूर्ण रहे हैं। इस प्रांत की सीमा पाकिस्तान से मिलती है। ऐसे में इस क्षेत्र में अशांति पाकिस्तान और ईरान के बीच तनाव का सबब भी बनती रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button