राजधानी दिल्ली में एक और निर्भया कांड, स्लीपर बस में 16 वर्षीय छात्रा से गैंगरेप का आरोप, ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार

राजधानी दिल्ली एक बार फिर से शर्मसार हुई है। दिल्ली में एक स्लीपर बस में 16 वर्षीय छात्रा के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी कंडक्टर-ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड

दिल्ली ब्यूरो। राजधानी दिल्ली में 16 वर्षीय छात्रा के साथ स्लीपर बस में सामूहिक दुष्कर्म का कथित मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्रेटर नोएडा के परी चौक से दिल्ली के कश्मीरी गेट तक करीब 47 किलोमीटर के सफर के दौरान बस के चालक और परिचालक ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना चार अगस्त की रात कश्मीरी गेट इलाके में सामने आई। दिल्ली पुलिस ने मामले में बस चालक कुलदीप और परिचालक संदीप को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्लीपर बस को भी कब्जे में लेकर उसकी फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली और 11वीं कक्षा की छात्रा है। बताया गया है कि वह परिजनों से नाराज होकर बिना बताए घर से निकल गई थी और नोएडा में रहने वाले अपने चचेरे भाई के पास जा रही थी। भारी बारिश और अंधेरे के कारण वह रास्ता भटक गई और ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर उतर गई।
इसी दौरान वहां से एक खाली स्लीपर बस गुजर रही थी। छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि चालक और परिचालक ने उसे नोएडा सेक्टर-63 तक छोड़ने की बात कहकर बस में बैठा लिया। पुलिस के मुताबिक, बस में बैठने के कुछ समय बाद परिचालक ने छात्रा के साथ अश्लील हरकत शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद चालक और परिचालक ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। छात्रा ने विरोध किया तो दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
आरोप है कि दोनों आरोपी छात्रा को देर रात कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर उतारकर फरार हो गए। घटना के बाद घबराई छात्रा ने कश्मीरी गेट थाना पुलिस से संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और दोनों आरोपियों को तिमारपुर स्थित एक बस पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बस को लेकर सूरजपुर स्थित एक कार्यशाला में गए थे, जहां बस में आई खराबी की मरम्मत कराई गई थी। मरम्मत के बाद चालक और परिचालक खाली बस लेकर तिमारपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान परी चौक पर उन्हें छात्रा मिली। पुलिस के मुताबिक, परी चौक से कश्मीरी गेट तक बस ने करीब 47 किलोमीटर की दूरी तय की।
जांच अधिकारियों के अनुसार, बस स्लीपर श्रेणी की थी और उसमें पर्दे लगे हुए थे। ऐसे में सड़क से गुजरने वाले लोगों को बस के अंदर क्या हो रहा है, इसका आसानी से पता नहीं चल सकता था। पुलिस अब बस के भीतर लगे किसी भी संभावित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मार्ग और घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है।
पुलिस ने बस को जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया है और उसके बयान के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के दौरान बस किस-किस स्थान से होकर गुजरी और रास्ते में कहीं कोई अन्य व्यक्ति उसके संपर्क में आया था या नहीं।
नाबालिग से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस पीड़िता की पहचान और उससे संबंधित संवेदनशील जानकारी सार्वजनिक नहीं कर रही है। दोनों आरोपियों से पूछताछ कर घटना की परिस्थितियों, उनके आपसी समन्वय और बस में छात्रा के साथ हुई कथित वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button