बागपत में हल्दी की रस्म में लड़की से मिलने पहुंच गया लवर, घरवालों ने पीट-पीटकर निकाल दिया कचूमर
In Baghpat, the lover reached to meet the girl during the haldi ceremony, the family members beat him up and threw him out

बागपत/उत्तर प्रदेश। यूपी के बागपत में प्रेमिका के घरवालों ने उसके प्रेमी की जमकर पिटाई की। दरअसल, बीते रविवार को प्रेमिका के भाई की हल्दी की रस्म चल रही थी। इसी दौरान युवक उससे मिलने पहुंच गया। यह देखकर परिजनों का पारा चढ़ गया। सबने मिलकर युवक को पहले रस्सियों से पीटा। इसके बाद जमकर उसे लाठी और डंडों से पीटा। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की जान बचाई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
यह घटना शहर के एक मोहल्ले में हुई। बताया जाता है कि युवक का पड़ोस में रहने वाली युवती के साथ प्रेम संबंध था। युवती के भाई की हल्दी की रस्म के दौरान युवक उससे मिलने उसके घर पहुंच गया। परिजनों को जब इस बात की जानकारी हुई, तो उन्होंने युवक को घेर लिया और कमरे में बंधक बना लिया। इसके बाद उसे रस्सियों से बांधकर लाठी-डंडों से पीटा गया। युवती को भी दूसरे कमरे में बंद कर दिया गया। हंगामा होने पर युवक के भाई ने डॉयल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को छुड़ाया और उसे कोतवाली ले गई। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल युवक के भाई का कहना है कि उसका भाई दुकान पर सामान लेने जा रहा था, तभी आरोपियों ने उसे घर में खींचकर बांध दिया और पीटा। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, हमलावर पक्ष ने पुलिस को एक पिस्टल भी सौंपी है। उनका कहना है कि यह पिस्टल आरोपी युवक का है। उन्होंने पुलिस को बताया कि युवक ने घर में घुसकर दूल्हे के भाई पर पिस्टल तानी थी, जिसके बाद उससे पिस्टल छीनकर उसे बांध दिया गया। कोतवाली प्रभारी डीके त्यागी का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।




