कानपुर में कालिंदी एक्‍सप्रेस पलटाने की साजिश, पटरी पर रखे गैस सिलेंडर से टकराई ट्रेन

Conspiracy to overturn Kalindi Express in Kanpur, train collides with gas cylinder kept on track

कानपुर/उत्तर प्रदेश। यूपी के कानपुर में एक बड़ी साजिश सामने आई है। अनवरगंज-काजगंज रूट पर कानपुर से भिवानी जा रही कालिंदी एक्सप्रेस रविवार रात बेपटरी होने से बच गई। किसी ने रेलवे ट्रैक पर भरा एलपीजी सिलेंडर रखकर ट्रेन हादसे की साजिश रची थी। तेज रफ्तार ट्रेन जब सिलेंडर से टकराई तो तेज आवाज हुई। इसको देखते हुए लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी।
रेलवे और आरपीएफ के अधिकारियों ने घटनास्थल से एलपीजी गैस सिलेंडर, कांच की बत्ती लगी बोतल, माचिस की डिब्बी और एक झोले में बारूदनुमा सामग्री बरामद की। वहीं, देर रात एसटीएफ और एटीएस की टीमें जांच करने के लिए पहुंची। यदि सिलेंडर फटता तो बड़ा हादसा हो सकता था। साजिशकर्ताओं ने गड्ढा करके सिलेंडर रखा था। फोरेंसिक टीम ने बताया कि सिलेंडर का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है, लेकिन सिलेंडर में कहीं से रिसाव की बात सामने नहीं आई है।
कालिंदी एक्सप्रेस अनवरगंज और रावतपुर स्टेशन से होकर गुजरी थी। ट्रेन के 8:25 बजे बर्राजपुर स्टेशन के आगे मुंडेरी क्रासिंग को पार करते ही लोको पायलट ने इंजन से किसी चीज के टकराने की तेज आवाज सुनी तो उसने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। लोको पायलट ने गार्ड राजीव कुमार को इसकी सूचना दी। गार्ड ने रेलवे को मेमो भेजकर घटना की जानकारी दी। अनवरगंज स्टेशन अधीक्षक, आरपीएफ समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए। हादसा बिल्हौर स्टेशन से पांच किलोमीटर पहले हुआ था।
आरपीएफ के असिस्टेंट कमाडेंट एमएस खान ने बताया कि घटना स्थल से एक भरा हुआ एलपीजी सिलेंडर कई संवेदनशील वस्तुएं बरामद हुई हैं। वहीं एडीशनल सीपी हरीश चंदर का कहना है कि साढ़े आठ बजे रेलवे की तरफ से घटना की जानकारी मिली थी। ट्रैक पर भरा सिलेंडर रखकर ट्रेन को पटरी से उतारने की साजिश रची गई थी। रेलवे, आरपीएफ और पुलिस अधिकारियों को घटना स्थल से सिलेंडर के आलावा कांच की बोतल में तरल पदार्थ, माचिस और झोले में बरामद सामग्री की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button